भाजपा जिला प्रशिक्षण महाअभियान के सातवें सत्र में सोशल मीडिया और बूथ सशक्तिकरण पर जोर
बूथ अध्यक्ष पार्टी की सबसे बड़ी ताकत, छोटे-छोटे प्रबंधन से जीते जा सकते हैं चुनाव — अनीता भदेल
मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान
शाहपुरा। भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रशिक्षण महाअभियान के दूसरे दिन आयोजित सातवें सत्र में सोशल मीडिया, आईटी प्रबंधन और बूथ संगठन की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। सत्र की मुख्य वक्ता पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया और आईटी पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। इनके जरिए सरकार की योजनाओं, संगठन की गतिविधियों और जनहित के संदेशों को तेजी से आमजन तक पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि पार्टी पदाधिकारियों और बूथ अध्यक्षों के बीच निरंतर संवाद तथा आत्मीय जुड़ाव संगठन को मजबूती प्रदान करता है। प्रधानमंत्री के “मन की बात” कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ पर सामूहिक रूप से सुनने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि इससे सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रहित के विषयों पर सकारात्मक वातावरण तैयार होता है।
अनीता भदेल ने कार्यकर्ताओं से “मेरा बूथ—सबसे मजबूत” के संकल्प को धरातल पर उतारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर तक फैला संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। बूथ समितियों का गठन, मतदाता सूची का पुनरीक्षण और घर-घर संपर्क अभियान चुनावी सफलता की कुंजी हैं।
उन्होंने बूथ अध्यक्षों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि छोटी-छोटी बातों और स्थानीय स्तर के प्रबंधन पर ध्यान देकर कमजोर माने जाने वाले बूथों पर भी जीत हासिल की जा सकती है। बूथ अध्यक्ष किसी भी बड़े पद से कम महत्वपूर्ण नहीं हैं, क्योंकि वही संगठन की वास्तविक ताकत होते हैं।
सत्र की अध्यक्षता शाहपुरा मंडल के बूथ अध्यक्ष ने की। उन्होंने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए सातवें सत्र के समापन की घोषणा की।


