नकली बीज प्रकरण में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, राज्य बीज निगम के निदेशक सहित छह लोगों पर शिकंजा
2.44 करोड़ रुपये की नकदी बरामद, रिश्वत लेकर कार्रवाई प्रभावित करने के आरोप
— मोनू सुरेश छीपा
द वॉयस ऑफ राजस्थान
जयपुर | 7 जून
नकली बीज प्रकरण में राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान राज्य बीज निगम के निदेशक जुगल किशोर विश्नोई सहित कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। मामले में एक आरोपी को नकद राशि सहित गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य संदिग्धों से गहन पूछताछ की जा रही है।
एसीबी के अनुसार राजस्थान राज्य बीज निगम के निदेशक जुगल किशोर विश्नोई के आवास पर की गई तलाशी के दौरान 1 करोड़ 59 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। वहीं उनके भांजे स्वतंत्र विश्नोई को लूणकरणसर क्षेत्र में बस की तलाशी के दौरान लगभग 85 लाख रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार अब तक कुल 2 करोड़ 44 लाख रुपये की राशि बरामद की जा चुकी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मूंगफली बीज के गजराज ब्राण्ड से जुड़े प्रकरण में कार्रवाई को प्रभावित करने, मामले को दबाने तथा गोदाम में रखे कथित नकली बीजों को वापस गुजरात ले जाने की अनुमति दिलाने के बदले भारी रिश्वत का लेन-देन हुआ। जांच एजेंसी के अनुसार इस संबंध में लगभग 1 करोड़ 20 लाख रुपये जुगल किशोर विश्नोई तथा करीब 60 लाख रुपये गणपत बिश्नोई को प्राप्त होने के तथ्य सामने आए हैं।
एसीबी ने भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं के आरोपों के तहत जुगल किशोर विश्नोई, गजराज ब्राण्ड से जुड़े प्रोपराइटर किरण कापड़िया, गणपत बिश्नोई, सुनील सेतिया एवं सतपाल को डिटेन कर पूछताछ शुरू की है। वहीं स्वतंत्र विश्नोई को नकदी सहित गिरफ्तार किया गया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि 27 मई 2026 को किरण कापड़िया के मूंगफली बीज गोदाम पर की गई कार्रवाई के दौरान बीजों के नमूने लिए गए थे तथा गजराज ब्राण्ड के बीजों की बिक्री पर रोक लगा दी गई थी। आरोप है कि इसके बाद संबंधित पक्षों द्वारा कार्रवाई को प्रभावित करने, प्रयोगशाला में नमूनों को पास करवाने तथा बीजों की बिक्री पुनः शुरू करवाने के लिए विभिन्न अधिकारियों, कर्मचारियों एवं निजी व्यक्तियों के माध्यम से अनुचित लाभ लेने का प्रयास किया गया।
एसीबी मामले की गहन जांच कर रही है तथा बरामद नकदी और कथित रिश्वत लेन-देन के स्रोतों की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
— मोनू सुरेश छीपा
द वॉयस ऑफ राजस्थान


