भारत विकास परिषद आज़ाद शाखा द्वारा छप्पन भोग एवं नौका विहार का भव्य आयोजन
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
गुलाबपुरा। भारत विकास परिषद आज़ाद शाखा द्वारा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिद्धबली हनुमान मंदिर आश्रम में प्रभु श्रीनाथजी के छप्पन भोग एवं नौका विहार महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीनाथजी के मनमोहक दर्शन कर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की।
इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा ठाकुरजी का अलौकिक श्रृंगार किया गया। कार्यक्रम में महंत सीताराम दास महाराज, मदन मोहन दास महाराज, संत दास महाराज एवं जोगेश्वर दास महाराज का सानिध्य प्राप्त हुआ, जिनके आशीर्वचनों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
प्रभु श्रीनाथजी को 56 प्रकार के व्यंजनों का छप्पन भोग अर्पित किया गया। यह महाप्रसाद परिषद परिवार की मातृशक्ति एवं आमजन के सहयोग से एकत्रित कर श्रद्धाभाव से समर्पित किया गया।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के प्रांतीय पदाधिकारियों सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। भजन गायक दिव्यांशु जी महाराज एवं दीपक जी गंधर्व द्वारा प्रस्तुत मधुर भजनों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्ति संगीत की स्वर लहरियों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा परिसर भक्तिरस में सराबोर हो गया।
अंत में महाआरती एवं छप्पन भोग प्रसाद वितरण के साथ धार्मिक एवं सामाजिक समागम का समापन हुआ। कार्यक्रम ने सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश दिया।
— मोनू सुरेश छीपा
द वॉयस ऑफ राजस्थान


