भीलवाड़ा में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन: मिशन-70 का संकल्प, टिकट के 1000 से अधिक दावेदारों ने बढ़ाई चुनावी सरगर्मी
भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में चार मंडलों के कार्यकर्ताओं का जुटान, ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच दिखा उत्साह; नेताओं ने कहा—ट्रिपल इंजन सरकार से भीलवाड़ा का विकास होगा तेज
भीलवाड़ा, 25 अगस्त।
भीलवाड़ा नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियों को तेज करते हुए मंगलवार को जिला कार्यालय, टंकी के बालाजी के पास चार मंडलों का विशाल विजय संकल्प कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में सुभाष मंडल, शास्त्री मंडल, गणेश मंडल एवं प्रताप मंडल के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर नगर निगम के सभी 70 वार्डों में भाजपा का कमल खिलाने का संकल्प लिया।
सम्मेलन भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। मुख्य वक्ता अजमेर संभाग चुनाव सह प्रभारी एवं पूर्व सांसद देवजी पटेल रहे, जबकि महाराष्ट्र के धूलिया विधायक कुणाल पाटिल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सांसद दामोदर अग्रवाल, चुनाव प्रभारी वीरमदेव सिंह जेसास, जिला संगठन प्रभारी संजय जैन, जिला सह प्रभारी मिठ्ठूलाल जाट, ओबीसी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र कुमावत और विधायक प्रत्याशी विट्ठल शंकर अवस्थी सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे।
ढोल-नगाड़ों और नारों से गूंजा भाजपा कार्यालय
कार्यकर्ता सम्मेलन में नगर निगम के 70 वार्डों से टिकट की दावेदारी कर रहे नेताओं और उनके समर्थकों का उत्साह देखते ही बना। सुबह से ही दावेदार समर्थकों के साथ भाजपा कार्यालय पहुंचने लगे। कई दावेदारों के साथ ढोल-नगाड़ों की टोलियां पहुंचीं, वहीं समर्थकों ने अपने नेताओं के पक्ष में जमकर नारे लगाए।
भाजपा कार्यालय कार्यकर्ताओं से खचाखच भर गया और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बाहर भी मौजूद रहे। कई कार्यकर्ता कंधों पर बैठकर नेताओं का उद्बोधन सुनते नजर आए। सम्मेलन का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में दिखाई दिया।
देवजी पटेल बोले—कार्यकर्ता ही भाजपा की पहचान
मुख्य वक्ता देवजी पटेल ने मारवाड़ी में संबोधन करते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखकर लगता है कि भीलवाड़ा नगर निगम के 70 वार्डों में भाजपा का कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यकर्ताओं का चुनाव है और कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ना है तथा संगठन को चुनाव लड़वाना है।
पटेल ने कहा कि देश में कहीं भी जाने पर उनकी पहचान कमल के फूल से होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा का मेयर बनाने और भीलवाड़ा की जनता की सेवा के लिए पूरी ताकत से चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया।
कुणाल पाटिल बोले—ट्रिपल इंजन सरकार से विकास को मिलेगी गति
महाराष्ट्र के धूलिया विधायक कुणाल पाटिल ने कहा कि वे भीलवाड़ा में कार्यकर्ताओं को सिखाने नहीं, बल्कि उनसे सीखने आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार बनने से भीलवाड़ा के विकास कार्यों को और गति मिलेगी।

जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने दिया मिशन-70 का संकल्प
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए जोशीले अंदाज में कहा कि चुनाव में लक्ष्य स्पष्ट है—मिशन-70। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सम्मेलन में दिखाई दे रहे उत्साह और ऊर्जा को चुनाव तक बनाए रखने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सभी 70 वार्डों में भाजपा का कमल खिलाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी ताकत के साथ जुटना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि मंजिल तय है, अब उसे हासिल करने के लिए पूरी शक्ति से आगे बढ़ना है।
1000 से अधिक आवेदन, टिकट सिर्फ 70 को; बाकी कार्यकर्ताओं को भी पार्टी के लिए जुटना होगा
सांसद दामोदर अग्रवाल ने टिकट के दावेदारों को महत्वपूर्ण संदेश देते हुए कहा कि नगर निगम के 70 वार्डों के लिए 1000 से अधिक आवेदन आए हैं, लेकिन टिकट केवल 70 कार्यकर्ताओं को मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं को टिकट नहीं मिलेगा, उन्हें निराश होने के बजाय पार्टी के प्रति समर्पित रहकर भाजपा प्रत्याशी की जीत के लिए काम करना होगा।
अग्रवाल ने अपने राजनीतिक अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें भी लंबे समय तक टिकट नहीं मिला, लेकिन उन्होंने पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण बनाए रखा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को सर्वोपरि रखते हुए एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान किया।
अवस्थी बोले—जीताऊ और टिकाऊ कार्यकर्ता को मिलेगा टिकट
विधायक प्रत्याशी विट्ठल शंकर अवस्थी ने कहा कि 70 वार्डों में टिकट दिए जाएंगे, जबकि आवेदन 1000 से अधिक आए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से जीताऊ और टिकाऊ कार्यकर्ता को टिकट देने पर प्राथमिकता दी जाएगी।
चुनाव प्रभारी बोले—टिकट नहीं मिलने पर निराश होने की जरूरत नहीं
चुनाव प्रभारी वीरमदेव सिंह जेसास ने कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह का जोश और उमंग दिखाई दे रहा है, उससे स्पष्ट है कि सभी 70 वार्डों में भाजपा का कमल खिलने जा रहा है। उन्होंने टिकट के दावेदारों से कहा कि जिन्हें टिकट नहीं मिले, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। संगठन की जीत के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
डाड और मेवाड़ा ने भी दिया एकजुटता का संदेश
पूर्व यूआईटी चेयरमैन लक्ष्मीनारायण डाड सहित वरिष्ठ नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं से टिकट की दावेदारी से ऊपर उठकर संगठन की मजबूती के लिए काम करने का आह्वान किया। नेताओं ने कहा कि टिकट की दावेदारी स्वाभाविक है, लेकिन टिकट मिलने के बाद पूरी पार्टी को एक प्रत्याशी के पीछे मजबूती से खड़ा होना होगा।
सम्मेलन में जिला महामंत्री प्रहलाद त्रिपाठी, अविनाश जीनगर, कन्हैयालाल जाट, सुभाष मंडल अध्यक्ष रितु शेखर शर्मा, शास्त्री मंडल अध्यक्ष रमेश खोईवाल, गणेश मंडल अध्यक्ष मुकेश सोनी, प्रताप मंडल अध्यक्ष नागेंद्र सिंह राव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
निकाय चुनाव की तैयारियों में महत्वपूर्ण माना जा रहा सम्मेलन
भाजपा के चार मंडलों के इस कार्यकर्ता सम्मेलन को आगामी नगर निगम चुनाव की तैयारियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी, दावेदारों का शक्ति प्रदर्शन और नेताओं के जोशीले संबोधन ने साफ कर दिया कि भीलवाड़ा में निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो चुकी हैं।
भाजपा ने मिशन-70 के लक्ष्य के साथ संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं की एकजुटता के दम पर नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनाने की रणनीति पर जोर दिया। का।
मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान

