नगर पालिका चुनाव को लेकर पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान का दिया संदेश, प्रमुख बाजारों और मार्गों से गुजरा पुलिस जाप्ता
गुलाबपुरा। आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस थानाधिकारी संजय गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं मुख्य बाजारों से होते हुए फ्लैग मार्च किया।
पुलिस जाप्ता थाने से रवाना होकर शहर के प्रमुख क्षेत्रों में पहुंचा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने आमजन को चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा भयमुक्त वातावरण में मतदान करने का संदेश दिया।
फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने स्पष्ट किया कि नगर पालिका चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी मुस्तैदी का संदेश भी दिया।
इस दौरान थानाधिकारी संजय गुर्जर सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।

रामकिशन वैष्णव | गुलाबपुरा

