शाहपुरा में 24 अगस्त को भाजपा का कार्यकर्ता सम्मेलन, नगर पालिका चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं में भरेगा जोश
मुख्य वक्ता सांसद दामोदर अग्रवाल होंगे, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि करेंगे कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन
शाहपुरा, 22 अगस्त। आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में 24 अगस्त को शाहपुरा के मनियर कॉटेज में भाजपा का भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज सुगंधी ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य नगर पालिका चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और जोश का संचार करना तथा संगठन की चुनावी रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करना है। सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे।
कार्यकर्ता सम्मेलन के मुख्य वक्ता सांसद दामोदर अग्रवाल होंगे। वहीं कार्यक्रम में जिला प्रभारी संजय जी जैन (ताऊ), चुनाव प्रभारी महेंद्र, विधायक डॉ. लालाराम बेरवा, समन्वयक हरीश भट्ट, पालक सुरेश सांड, सौरभ खंडाल सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं संगठन के जिम्मेदार कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा द्वारा बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं को चुनावी मैदान के लिए तैयार करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। ऐसे में यह सम्मेलन शाहपुरा में भाजपा की चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सम्मेलन में वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा कार्यकर्ताओं को एकजुटता, संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन और चुनावी रणनीति को लेकर मार्गदर्शन दिए जाने की संभावना है। भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच सम्मेलन को लेकर उत्साह का माहौल है और पार्टी इसे नगर पालिका चुनाव की तैयारियों को गति देने वाले महत्वपूर्ण कार्यक्रम के रूप में देख रही है।
मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान


