विधायक बेरवा की पहल से शाहपुरा की सड़कों को मिली राहत, गड्ढों की मरम्मत का काम शुरू
शाहपुरा। शहर की खराब सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों से परेशान आमजन को अब राहत मिलने लगी है। शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बेरवा की पहल पर शहर में सड़कों के पैचवर्क एवं गड्ढों को भरने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार बारिश के चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों की सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक बेरवा ने संबंधित ठेकेदार को आवश्यक निर्देश देकर डामर की व्यवस्था करवाने के प्रयास किए।
डामर उपलब्ध होते ही शहर के मुख्य मार्गों पर गड्ढे भरने और पैचवर्क का कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया। इससे वाहन चालकों एवं आमजन को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक बेरवा की सक्रियता से शुरू हुए इस कार्य को लेकर स्थानीय लोगों ने संतोष जताते हुए कहा कि बारिश के बाद सड़कों की स्थिति काफी खराब हो गई थी। समय रहते मरम्मत कार्य शुरू होने से आमजन को राहत मिलेगी।
स्थानीय नागरिकों ने विधायक बेरवा का आभार व्यक्त करते हुए शहर के अन्य क्षतिग्रस्त मार्गों का भी सर्वे करवाकर प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पैचवर्क एवं मरम्मत कार्य पूरा कराने की मांग की है।
शाहपुरा, भीलवाड़ा (राजस्थान)


