खान्या के बालाजी में शिवमहापुराण कथा के तहत निकली भव्य कांवड़ यात्रा
मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान
शाहपुरा (भीलवाड़ा)। श्री खान्या के बालाजी मंदिर में महंत श्री श्री 108 श्री रामदास जी त्यागी महाराज की असीम अनुकम्पा एवं कथा वाचक पंडित देवकिशन शास्त्री के सानिध्य में चल रही श्री शिवमहापुराण कथा के तहत रविवार को विशाल कांवड़ यात्रा महोत्सव का आयोजन किया गया।
कांवड़ यात्रा महलों के चौक से रवाना होकर चारभुजा नाथ मंदिर, सदर बाजार, चमनाबावड़ी, कुंडगेट, त्रिमूर्ति चौराहा, रामद्वारा, कॉलेज के सामने से होते हुए पोस्ट ऑफिस पहुंची और यहां से कथा स्थल श्री खान्या के बालाजी मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान शाहपुरा शहर के बाजार में जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं व्यापारियों ने कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया तथा जलपान एवं प्रसाद की व्यवस्था कर सेवा की। श्रद्धालुओं की सेवा भावना से यात्रा का माहौल भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण बना रहा।
कांवड़ यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पंडित देवकिशन शास्त्री एवं कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने कांवड़ यात्रा में भाग लेकर भगवान शिव के जयकारों से वातावरण को शिवमय बना दिया।
कथा स्थल पहुंचने पर खान्या के बालाजी मंदिर प्रांगण में कांवड़ियों की पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। इसके बाद कांवड़ियों तथा कथा वाचक पंडित देवकिशन शास्त्री का स्वागत-सत्कार किया गया।
शाहपुरा में श्री शिवमहापुराण कथा का यह तीसरा वर्ष है। पंडित देवकिशन शास्त्री द्वारा खान्या के बालाजी मंदिर प्रांगण में कथा का वाचन किया जा रहा है। आयोजन में राजेश शर्मा, युवराज जोशी सहित अन्य श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग एवं सहभागिता रही।
खान्या के बालाजी में शिवमहापुराण कथा के तहत निकली भव्य कांवड़ यात्रा ✍️ मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान
Leave a comment
Leave a comment

