दूधाधारी गोपाल मंदिर में गंगाजल से हुआ सहस्त्रधारा महाअभिषेक
पर्याप्त वर्षा, शांति और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर झुलनोत्सव का आयोजन
भीलवाड़ा, 27 अगस्त। गोपाल मित्र मंडल भीलवाड़ा के तत्वावधान में पर्याप्त वर्षा, शहर में शांति एवं सुख-समृद्धि की कामना को लेकर शिव पवित्रारोपण तिथि के अवसर पर श्रावण शुक्ल त्रयोदशी को सांगानेरी गेट स्थित दूधाधारी गोपाल मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। इस दौरान पहली बार गंगाजल के पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का सहस्त्रधारा महाअभिषेक कराया गया।
मीडिया प्रभारी महावीर समदानी ने बताया कि पंडित कल्याण शर्मा, नरेश शर्मा एवं तेज प्रकाश के नेतृत्व में पांच हजार लीटर गंगाजल से भरे टैंकर के माध्यम से भगवान भोलेनाथ का सहस्त्रधारा अभिषेक किया गया। अभिषेक के लिए गंगाजल में गुलाब जल एवं केसर भी मिलाया गया।
दोपहर 4 से शाम 7 बजे तक पंडितों द्वारा विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ महाअभिषेक कराया गया। क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर सायंकाल भजन संध्या का आयोजन भी किया गया। वहीं दूधाधारी गोपालजी महाराज की झांकी 56 प्रकार के पकवानों से सजाई गई। श्रद्धालुओं ने झुलनोत्सव में भाग लेकर भगवान के दर्शन किए और पर्याप्त वर्षा के साथ क्षेत्र में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
आयोजन में जगदीश चंद्र चेचानी, अशोक हिंगड़, महावीर समदानी, मनोज दरक, लोकेश समदानी, कैलाश चंद देवपुरा, शंकर सोमानी एवं शरद हुरकट सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पुरुष श्रद्धालु धोती-कुर्ता तथा महिलाएं लहरिया परिधान में धार्मिक आयोजन में शामिल हुईं।

