काशीपुरी में पहली बार तीर्थों और 27 कुओं के पवित्र जल से भोलेनाथ का सहस्रधारा अभिषेक
संत-महंतों के सानिध्य में हुआ धार्मिक आयोजन, भोलेनाथ के जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर
भीलवाड़ा, 27 अगस्त। राजस्थान जन मंच के तत्वावधान में भीलवाड़ा शहर में पहली बार गंगा सागर, विभिन्न तीर्थों एवं 27 कुओं के पवित्र जल के संगम से भगवान भोलेनाथ का सहस्रधारा अभिषेक किया गया। काशीपुरी स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में संत-महंतों के सानिध्य में सैकड़ों महिला-पुरुष एवं वरिष्ठ श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भाजपा नेता एवं राजस्थान जन मंच के अध्यक्ष कैलाश सोनी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में वृंदावन धाम से पधारे संत राधा रमन, हनुमान टेकरी के महंत बनवारी शरण काठिया बाबा, हाथीभाटा आश्रम के महंत संत दास महाराज, पंचमुखी हनुमान मंदिर पुर रोड के पुजारी मुरारी पांडे एवं कथा वाचक पंडित विजेंद्र शास्त्री का सानिध्य प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर को भगवा झंडों से सजाया गया। भोलेनाथ के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
राजस्थान जन मंच अध्यक्ष कैलाश सोनी ने बताया कि काशीपुरी स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में भगवान भोलेनाथ की सुप्रसिद्ध पंडितों द्वारा विधि-विधानपूर्वक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात शाम 6 बजे से 7:30 बजे तक गंगा सागर, विभिन्न पवित्र तीर्थों तथा 27 कुओं के जल के संगम से भगवान भोलेनाथ का सहस्रधारा अभिषेक किया गया।
अभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता की। आयोजन में राजस्थान जन मंच की जिला टीम के साथ काशीपुरी एवं वकील कॉलोनी के भक्तजनों और श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर पंडित देवीलाल शर्मा, पंडित घनश्याम शर्मा, पंडित जयशंकर, पंडित बालमुकुंद उपाध्याय, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रमेश नवहाल, जय नारायण जोशी, रामचंद्र मुंदड़ा, सुभाष गोयल, जगदीश सेन, प्रदीपनाथ सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।


