“अजनबी से सावधान—मना करो, दूर जाओ, बताओ” विषय पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित।
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव )
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर द्वारा संचालित राज्य स्तरीय कार्यक्रम “Transformative Tuesdays” के अंतर्गत राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाड़ा के निर्देशानुसार मंगलवार को तालुका विधिक सेवा समिति, गुलाबपुरा द्वारा दो विद्यालयों में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। शहर की
हैप्पी हॉर्स स्कूल में अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश विनोद कुमार वाजा एवं सरस्वती शिक्षण संस्थान स्कूल में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कार्तिक शर्मा द्वारा विद्यार्थियों को उक्त विषय पर विधिक जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा एवं संरक्षण, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी संदिग्ध अथवा असहज परिस्थिति में बिना भय के सहायता प्राप्त करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। विद्यार्थियों को “अजनबी से सावधान—मना करो, दूर जाओ, बताओ” विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। विद्यार्थियों को समझाया गया कि किसी अपरिचित व्यक्ति द्वारा बहलाने-फुसलाने, प्रलोभन देने अथवा असहज व्यवहार करने की स्थिति में स्पष्ट रूप से “मना करो”, तत्काल सुरक्षित स्थान की ओर “दूर जाओ” तथा घटना की जानकारी माता-पिता, शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को “बताओ”। इस दौरान बच्चों को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग एवं निडर रहने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बार एसोसिएशन अध्यक्ष परमेश्वर शर्मा, तालुका सचिव श्रीमती सुनीता चौधरी, अधिवक्ता विवेक कुमार बंब, पीएलवी अरविन्द सिंह शेखावत व महादेव सैन, संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। लगभग 300 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विषय से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित हुए।

