आगुंचा: मानसी नदी के तट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, देवनारायण मंदिर में महायज्ञ और श्रीराम कथा की धूम।
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव) | निकटवर्ती ग्राम आगुंचा के पुराना भेरूखेड़ा स्थित, मानसी नदी के पावन तट पर विराजे श्री देवनारायण मंदिर में इन दिनों भक्ति की गंगा बह रही है। मंदिर में आयोजित हो रहे शिखर कलश प्रतिष्ठा, नवकुंडात्मक श्री नारायण महायज्ञ और संगीतमय श्रीराम कथा महोत्सव में श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ रहा है।
महंत लवकुश दास जी महाराज का सानिध्य
2 मई से प्रारंभ हुए इस भव्य आयोजन के छठे दिन भी विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। यह विराट महोत्सव श्री श्री 108 महंत श्री लवकुश दास जी महाराज (गुलाबपुरा) के पावन सानिध्य में आयोजित किया जा रहा है। यज्ञ के समस्त विधान अजमेर के प्रसिद्ध यज्ञाचार्य पंडित अमरदीप शास्त्री द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराए जा रहे हैं।
मंत्रोच्चार और महाआरती से गुंजायमान हुआ परिसर
षष्ठम दिवस पर प्रातःकाल देवताओं का विशेष पूजन, हवन और यज्ञ नारायण भगवान की भव्य महाआरती हुई। श्रद्धालुओं ने यज्ञशाला की परिक्रमा कर पुण्य लाभ अर्जित किया। महिलाओं द्वारा गाए गए मंगल गीतों और भक्तों के जयकारों से पूरा क्षेत्र धर्ममय हो गया है। दूर-दराज के क्षेत्रों से आए श्रद्धालु इस महायज्ञ में आहुतियां देकर अपनी आस्था प्रकट कर रहे हैं।
10 मई तक जारी रहेंगे कार्यक्रम
आयोजन समिति ने जानकारी दी कि यह धार्मिक महोत्सव 10 मई तक निरंतर जारी रहेगा। समिति ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर कथा श्रवण और महायज्ञ का लाभ उठाएं।


