महावीर इंटरनेशनल संकल्प वीरा केंद्र द्वारा पर्यावरण संरक्षण पर कार्यक्रम आयोजित
कच्ची बस्ती में चित्रकला प्रतियोगिता का किया आयोजन, प्रथम, द्वितीय, तृतीय को किया पुरस्कृत
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल। मोनू सुरेश छीपा) महावीर इंटरनेशनल संकल्प वीरा केंद्र भीलवाड़ा द्वारा पर्यावरण सुरक्षा अभियान के तहत् पटेल नगर, कच्ची बस्ती भीलवाड़ा में पर्यावरण बचाओ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस अवसर पर अन्तर्राष्ट्रीय अध्यक्ष मंजु पोखरना, जोन सचिव चन्द्रा रांका व महावीर इंटरनेशनल हैप्पीनेस की अध्यक्षा ममता शर्मा भी सम्मिलित हुई। सभी ने बच्चों का उत्साह वर्धन किया। इस अवसर पर महावीर इंटरनेशनल संकल्प की चेयरपर्सन उमा दुग्गड़ ने बताया कि पर्यावरण प्रदूषण एक प्रमुख चिंता का विषय है जो हमारे आने वाले भविष्य को खोखला कर देगा। प्रदूषण वर्तमान के लिए खतरनाक है और भविष्य के लिए एक बड़े खतरे के रूप में बदल रहा है। इस असंतुलन के लिए हर इंसान जिम्मेदार है। इसलिए हमें मिलकर काम करने की जरूरत है, आज एक छोटी सी मदद कल एक बड़ी खुशी लौटाएगी। उपाध्यक्ष नीलम लोढ़ा ने बच्चों को जल संरक्षण व पौधारोपण के बारे में जानकारी देते हुए शपथ दिलाई कि सभी बच्चे व बड़े अपने जन्मदिन व अन्य अवसरों पर पौधे लगाएं व उनकी देखरेख करें। बच्चों ने बड़े उत्साह और लगन से अपनी कल्पनाओं के रंग भरे। पानी बचाओ, पेड़ लगाओ, धरती को साफ व स्वच्छ बनाओ आदि विषयों पर सुंदर-सुंदर चित्र बनाए। इस प्रतियोगिता में 60 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय आने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया तथा भाग लेने वाले सभी बच्चों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। उमा दुग्गड़ ने ड्राइंग सीट, कलर तथा नीतू रांका ,मीना दुग्गड़, मिनाक्षी कर्णावट तथा मोनिका आंचलिया की तरफ से बच्चों को पुरस्कार दिए गए। पिस्ता झाबक, मधु चैधरी, आदि सदस्यों ने भी इस कार्यक्रम सफल बनाने में अपना पूरा योगदान दिया।


