भारतीय डाक विभाग का “राखी से रक्षा अभियान” सैनिक भाईयों के लिए।
गुलाबपुरा(रामकिशन वैष्णव )
गुलाबपुरा उप मंडल द्वारा रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भारतीय डाक विभाग की पहल “राखी से रक्षा अभियान – भारतीय डाक सेवा ही संकल्प” चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य देश की सीमाओं पर तैनात वीर सैनिक भाइयों तक देश की बहनों का स्नेह रूपी राखी पहुंचाना है।
इसी क्रम में शंभूगढ़ निवासी रोहित कुमार तेली ने इस पुनीत अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए सरहद पर तैनात वीर जवानों के लिए 51 राखियों का सहयोग किया है।
देश भक्त तेली ने बताया कि _”सरहद पर खड़े जवानों के कारण ही हम त्योहार सुरक्षित मना पाते हैं। रक्षाबंधन पर उनके हाथ में राखी नहीं हो पाती, इसलिए हमारी एक छोटी सी राखी उनके मनोबल को बढ़ाएगी और उन्हें यह एहसास दिलाएगी कि पूरा देश उनके साथ है।”_यह अभियान भारतीय डाक विभाग के समन्वय से चलाया जा रहा है। भारतीय डाक के माध्यम से कोई भी नागरिक अपनी राखी नजदीकी डाकघर के माध्यम से सैनिक भाइयों के नाम भेज सकता है, जिसे डाक विभाग द्वारा सीमा पर तैनात जवानों तक पहुंचाया जाएगा। “आपकी राखी, उनकी ढाल – हमारा सम्मान, हमारे वीर जवान” क्षेत्र के लोगों से अपील है कि वे भी इस अभियान से जुड़ें और अधिक से अधिक राखी भेज कर सैनिकों का सम्मान बढ़ाएं।

