श्रावण के चौथे सोमवार को मंशापूर्ण महादेव की हुई भव्य महाआरती
शाहपुरा (भीलवाड़ा)। पिवनिया तालाब के सामने स्थित खटीक समाज की शिवशक्ति धर्मशाला परिसर में मंशापूर्ण महादेव मंदिर में श्रावण माह के चौथे सोमवार को भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम की शुरुआत श्रद्धालुओं द्वारा भगवान शिव के जलाभिषेक से हुई। इसके बाद मंशापूर्ण महादेव का विशेष श्रृंगार किया गया। श्रृंगार के पश्चात विधि-विधान से महाआरती की गई, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ सहभागिता की।
श्रावण माह को भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। इस पवित्र महीने में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना, जलाभिषेक और आरती कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना करते हैं। मान्यता है कि सावन में शिव आराधना करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा परिवार में सुख-शांति बनी रहती है।


