रंग-बिरंगी राखियों से सजे बाबा मसानिया भैरुनाथ, रक्षाबंधन पर हुआ विशेष श्रृंगार
कोलकाता, जयपुर, सूरत और अहमदाबाद से मंगवाई गईं विशेष राखियां, दिनभर उमड़े श्रद्धालु
भीलवाड़ा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शहर के दादाबाड़ी क्षेत्र स्थित पंचमुखी मोक्षधाम के श्री मसानिया भैरुनाथ मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। रक्षाबंधन के अवसर पर बाबा मसानिया भैरुनाथ का रंग-बिरंगी राखियों से विशेष एवं आकर्षक श्रृंगार किया गया।
मंदिर में राखियों से सजे बाबा के दिव्य स्वरूप ने श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान आकर्षित किया। विभिन्न रंगों और डिजाइनों की राखियों से किया गया भव्य श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
मंदिर के पुजारी संतोष कुमार खटीक ने बताया कि बाबा के विशेष श्रृंगार के लिए कोलकाता, जयपुर, सूरत और अहमदाबाद से विशेष रूप से राखियां मंगवाई गई थीं। इन राखियों से बाबा का मनमोहक श्रृंगार किया गया।
रक्षाबंधन पर्व पर मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन हुआ। आरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा मसानिया भैरुनाथ के दर्शन कर सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली एवं मंगल की कामना की। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
रंग-बिरंगी राखियों से सजे बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा तथा रक्षाबंधन पर्व भक्तिमय माहौल में मनाया गया।


