टिकटों की सूची से पहले ही भाजपा में बगावत! कार्यालय के बाहर धरने पर बैठीं महिला कार्यकर्ता
पूर्व सभापति मंजू चेचानी की दो टूक—‘सक्रिय कार्यकर्ता की अनदेखी हुई तो उठाऊंगी बड़ा कदम’, आत्मदाह की चेतावनी से मचा हड़कंप
भीलवाड़ा। नगर निगम चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की सूची जारी होने से पहले ही पार्टी के भीतर टिकट वितरण को लेकर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। शुक्रवार को भाजपा कार्यालय के बाहर महिला कार्यकर्ताओं ने धरना शुरू कर दिया। धरने में पूर्व सभापति मंजू चेचानी भी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के साथ बैठीं और टिकट वितरण को लेकर पार्टी नेतृत्व के प्रति खुलकर नाराजगी जताई।
धरने पर बैठीं मंजू चेचानी ने कहा कि पार्टी के लिए लंबे समय से सक्रिय और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को टिकट में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि किसी सक्रिय महिला कार्यकर्ता की अनदेखी कर किसी पुरुष कार्यकर्ता के परिजन को टिकट दिया गया तो इसका विरोध किया जाएगा।
चेचानी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता को टिकट से वंचित किया गया तो वह पार्टी का झंडा लेकर आत्मदाह जैसा कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगी। इस चेतावनी के बाद भाजपा कार्यालय के बाहर राजनीतिक माहौल गरमा गया।
टिकट वितरण से पहले खुलकर सामने आया असंतोष
महिला कार्यकर्ताओं का कहना है कि पार्टी के लिए वर्षों से मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को ही चुनाव मैदान में उतारा जाना चाहिए। कार्यकर्ताओं के स्थान पर उनके परिजनों अथवा बाहरी चेहरों को टिकट दिए जाने की स्थिति में विरोध और तेज करने की चेतावनी भी दी गई।
नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा में प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया के बीच पार्टी कार्यालय के बाहर हुआ यह धरना संगठन के लिए चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। टिकटों की सूची जारी होने से पहले ही सामने आया यह विरोध अब पार्टी नेतृत्व के लिए चिंता का विषय बन गया है।
सूची जारी होते ही बढ़ सकता है सियासी तापमान
भाजपा प्रत्याशियों की सूची को लेकर कार्यकर्ताओं और दावेदारों में उत्सुकता बनी हुई है। कार्यालय के बाहर धरने और आत्मदाह की चेतावनी के बाद अब सभी की नजर पार्टी की अधिकृत सूची पर टिकी है। सूची जारी होने के बाद नाराजगी शांत होती है या टिकटों को लेकर विरोध और व्यापक रूप लेता है, यह आने वाले दिनों में साफ होगा।

मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान

