भाजपा को बड़ा झटका: सिंधी समाज के दिग्गज नेता रमेश सिंधी समेत सैकड़ों लोगों ने थामा कांग्रेस का हाथ
पूर्व पार्षद रमेश सिंधी, पुत्र नवीन सिंधी सहित दिलीप रावानी और दीपक सबनानी कांग्रेस में शामिल — नगर निगम चुनाव से पहले भाजपा में हलचल तेज
भीलवाड़ा। नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। चुनावी माहौल के बीच भाजपा को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। भाजपा और सिंधी समाज से जुड़े प्रमुख नेता एवं पूर्व पार्षद रमेश सिंधी, उनके पुत्र नवीन सिंधी, दिलीप रावानी, दीपक सबनानी सहित सिंधी समाज के सैकड़ों लोगों ने कांग्रेस का दामन थाम लिया।
कांग्रेस में हुए इस बड़े राजनीतिक प्रवेश को नगर निगम चुनाव से पहले बेहद महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। भाजपा से जुड़े नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में शामिल होने से शहर की चुनावी राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
इस अवसर पर मेवाड़ के प्रमुख कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री धीरज गुर्जर तथा कांग्रेस जिला अध्यक्ष शिवराम खटीक (जीपी) ने भाजपा से कांग्रेस में आए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। उन्होंने सभी को कांग्रेस की सदस्यता दिलाते हुए पार्टी के प्रति निष्ठा एवं समर्पण की शपथ भी दिलाई।
चुनावी मैदान में बढ़ी हलचल
नगर निगम चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे राजनीतिक दलों के बीच सेंधमारी और दलबदल का दौर भी तेज होता दिखाई दे रहा है। सिंधी समाज से जुड़े प्रमुख चेहरों के कांग्रेस में जाने को कांग्रेस के लिए बड़ा सियासी लाभ और भाजपा के लिए चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।
राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। खास बात यह है कि शाम तक राजनीतिक पटल पर कुछ और बड़े धमाके होने की चर्चाएं भी तेज हैं।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नगर निगम चुनाव से पहले आने वाले घंटों में कौन-कौन से नए राजनीतिक चेहरे पाला बदलते हैं।
नगर निगम चुनाव अपने परवान पर है और हर घंटे बदलते समीकरणों ने चुनावी मुकाबले को और रोमांचक बना दिया है।

मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान

