अपना घर वृद्धाश्रम में चार दिवसीय नेत्र शिविर संपन्न, जरूरतमंदों को मिली निशुल्क चिकित्सा सेवा
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
भीलवाड़ा (राजस्थान): सेवा और समर्पण के संकल्प के साथ श्री गणेश उत्सव प्रबंध एवं सेवा समिति और अंधता निवारण सोसाइटी द्वारा आयोजित चार दिवसीय निशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आरसी व्यास कॉलोनी स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में आयोजित इस शिविर के माध्यम से 24 जरूरतमंद नेत्र रोगियों के जीवन में नया सवेरा आया है।
91 रोगियों की जांच, 24 का सफल ऑपरेशन
समिति के मीडिया प्रभारी महावीर समदानी ने बताया कि शिविर के दौरान कुल 91 नेत्र रोगियों का निशुल्क परामर्श और परीक्षण किया गया। इनमें से जिन मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई, उन्हें ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया। फेको सर्जन डॉ. कृष्णा हेडा ने स्पर्श हॉस्पिटल में इन 24 मरीजों का अत्याधुनिक तकनीक से निशुल्क ऑपरेशन कर उन्हें पुनः नेत्र ज्योति प्रदान की।
मरीजों को मिली निशुल्क सुविधाएं
शिविर की विशेषता यह रही कि मरीजों को केवल ऑपरेशन ही नहीं, बल्कि अन्य आवश्यक सुविधाएं भी पूरी तरह निशुल्क दी गईं:
- आधुनिक ऑपरेशन और जांच।
- निशुल्क दवाइयां और पोस्ट-ऑपरेटिव केयर।
- धूप से बचाव के लिए काले चश्मे।
- मरीजों के लिए आवास और पौष्टिक भोजन की व्यवस्था।
इनका रहा विशेष सहयोग
इस पुनीत कार्य में समिति के अध्यक्ष उदयलाल समदानी के साथ सुभाष गर्ग, गणपत जागेटिया, अरुण जागेटिया, रामनारायण सोमानी, घनश्याम डाड और लादू लाल माली जैसे समाजसेवी सदस्यों ने अपनी सक्रिय सेवाएं प्रदान कीं।


