राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) का हल्ला बोल: ग्रीष्मावकाश में कटौती के खिलाफ आंदोलन का एलान, 18 मई को होगी विशाल रैली
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
भीलवाड़ा (डेस्क)। राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) ने शिक्षा विभाग द्वारा शिविरा पंचांग 2026-27 में ग्रीष्मावकाश और अन्य स्थानीय अवकाशों में की गई कटौती के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंक दिया है। जयपुर स्थित प्रांतीय कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
भयंकर गर्मी में स्कूल खोलना अव्यावहारिक
जिलाध्यक्ष राजेंद्र कुमार शर्मा और जिला मंत्री महेश मंडोवरा ने बताया कि राजस्थान की भौगोलिक परिस्थितियों और जून माह की भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों को खोलना पूरी तरह से अव्यावहारिक है। संगठन ने तर्क दिया कि स्थानीय उत्सवों और आयोजनों में बच्चों की शत-प्रतिशत भागीदारी रहती है, ऐसे में संस्था प्रधानों के अवकाश के अधिकार में कटौती करना तर्कहीन है।
आंदोलन की रणनीति: कब क्या होगा?
प्रदेश संगठन मंत्री लीलाधर तिवाड़ी और सह संगठन महामंत्री प्रेमशंकर जोशी के अनुसार, सरकार तक अपनी बात पहुँचाने के लिए चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा:
- 7 अप्रैल: प्रदेश भर के शिक्षक काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराएंगे।
- 8 अप्रैल: उपशाखा स्तर पर उपखंड अधिकारी (SDM) को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
- 20 अप्रैल: जिला स्तर पर जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया जाएगा।
- 18 मई: शिक्षा मंत्री के विधानसभा क्षेत्र रामगंजमंडी में विशाल शिक्षक रैली और विरोध प्रदर्शन होगा।
विभागीय अदूरदर्शिता पर उठाए सवाल
मुख्य संरक्षक सियाराम शर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि विभाग के सलाहकारों की नासमझी के कारण शिक्षा और शिक्षकों से जुड़े मुद्दों पर गलत निर्णय लिए जा रहे हैं, जिससे राज्य की शिक्षा व्यवस्था को नुकसान हो रहा है। बैठक के अंत में प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा ने सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।


