भाजपा का बड़ा दांव: प्रधानमंत्री मोदी के पचपदरा कार्यक्रम हेतु पूर्व चेयरमैन धनराज गुर्जर को ओसियां का ‘विधानसभा प्रवासी’ बनाया
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)। भारतीय जनता पार्टी संगठन ने आगामी पचपदरा (बाड़मेर) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित भव्य एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक नियुक्तियां जारी की हैं। इसी कड़ी में गुलाबपुरा नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन धनराज गुर्जर को बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए जिला जोधपुर की ओसियां विधानसभा का प्रवासी नियुक्त किया गया है।
कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर
प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से धनराज गुर्जर को ओसियां विधानसभा की जिम्मेदारी मिलने पर स्थानीय कार्यकर्ताओं और भाजपा समर्थकों में भारी खुशी देखी जा रही है। गुर्जर अपनी कुशल रणनीति और संगठन क्षमता के लिए जाने जाते हैं, जिसका लाभ आगामी कार्यक्रम की भीड़ जुटाने और प्रबंधन में मिलेगा।
शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार
अपनी नियुक्ति पर पूर्व पालिका अध्यक्ष धनराज गुर्जर ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और सांसद दामोदर अग्रवाल का आभार व्यक्त किया।
गुर्जर ने कहा, “शीर्ष नेतृत्व ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, वह मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। ओसियां विधानसभा के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर हम प्रधानमंत्री जी के पचपदरा कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाएंगे।”
मिशन पचपदरा की तैयारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पचपदरा दौरा मारवाड़ की राजनीति के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। धनराज गुर्जर अब ओसियां विधानसभा क्षेत्र में प्रवास कर कार्यकर्ताओं की बैठकें लेंगे और जनसंपर्क के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को पचपदरा पहुंचने के लिए प्रेरित करेंगे।


