हिंदू नव वर्ष पर शाहपुरा में भक्ति का सैलाब: ‘राम आएंगे’ की गूंज और स्वाति मिश्रा की सुरीली प्रस्तुतियां
स्वाति मिश्रा ने शाहपुरा में बांधा समां, 27 अप्रैल को गौ रक्षा के लिए जुटने का किया आह्वान
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
शाहपुरा (राजस्थान): हिंदू नव वर्ष के पावन अवसर पर शाहपुरा का सीनियर सेकेंडरी स्कूल मैदान भक्ति के रंग में सराबोर हो गया। आयोजन समिति के तत्वाधान में आयोजित इस भव्य भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायिका स्वाति मिश्रा ने अपनी सुरीली आवाज से हजारों श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ भव्य आगाज
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मां भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर गायिका स्वाति मिश्रा के साथ आयोजन समिति के अध्यक्ष द्वारका प्रसाद जोशी, तहसील संयोजक रामेश्वर लाल धाकड़ और नगर संयोजक हनुमान धाकड़ उपस्थित रहे। समिति के पदाधिकारियों ने उदयपुर के गुलाब दास महाराज और स्थानीय विधायक डॉ. लालाराम बैरवा का तिलक, दुपट्टा और माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत किया।
‘राम आएंगे’ और ‘जय श्री राम’ के उद्घोष से गूंजा शाहपुरा
जैसे ही स्वाति मिश्रा ने मंच संभाला, पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। उन्होंने अपने प्रसिद्ध भजन “मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे, राम आएंगे” से कार्यक्रम की शुरुआत की, जिसे सुनकर भक्त भाव-विभोर हो गए। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में “भारत का बच्चा-बच्चा जय श्री राम बोलेगा” और खाटू श्याम के भजनों पर श्रद्धालु झूमते और नृत्य करते नजर आए।
गौ माता को राष्ट्र माता बनाने का संकल्प
भजनों के बीच सामाजिक सरोकार की झलक भी देखने को मिली। विश्व हिंदू परिषद के सह प्रांत गोरक्षा प्रमुख रामेश्वर लाल धाकड़ ने मंच से गौ सेवा का संदेश दिया। वहीं, स्वाति मिश्रा ने उपस्थित जनसैलाब से अपील करते हुए कहा:
”गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने के लिए आगामी 27 अप्रैल को भारी संख्या में उपखंड कार्यालय पहुंचें और इस मुहिम को सफल बनाएं।”
प्रमुख उपस्थिति और संचालन
इस विशाल भजन संध्या का सफल संचालन डॉ. परमेश्वर कुमावत और सूर्य प्रकाश शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान हजारों की संख्या में पहुंचे भक्तों ने अनुशासन के साथ धर्म लाभ लिया और देर रात तक भजनों का आनंद उठाया


