भीलवाड़ा में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: PWD XEN की कार से 4 लाख रुपये बरामद, जहाजपुर आवास पर सर्च जारी
भीलवाड़ा। जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए PWD विभाग के XEN शहजाद खान को संदेहास्पद नकदी के साथ पकड़ा है। ACB टीम ने जिला कलेक्टर कार्यालय के पास नाकाबंदी कर एक कार को रुकवाया, जिसमें XEN शहजाद खान और एक अन्य व्यक्ति सवार थे। तलाशी के दौरान कार से 4 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, ACB को अवैध राशि के परिवहन की सूचना मिली थी। इसी आधार पर टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया। बरामद राशि को जब्त कर लिया गया है और उससे संबंधित पूछताछ जारी है।
जहाजपुर स्थित आवास पर सर्च ऑपरेशन
कार्रवाई के बाद ACB टीम ने शहजाद खान के जहाजपुर स्थित आवास पर भी दबिश दी है। मकान के बाहर भारी पुलिस जाब्ता तैनात है, जबकि अंदर सघन तलाशी अभियान जारी है। अधिकारियों द्वारा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह राशि किसकी थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
टोंक ACB टीम ने की कार्रवाई
इस पूरे ऑपरेशन को टोंक ACB टीम द्वारा अंजाम दिया गया। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी करीब दो वर्ष पहले शाहपुरा तहसील कार्यालय में ACB द्वारा कार्रवाई की गई थी, जिसमें टोंक टीम की भूमिका रही थी।
जांच जारी, जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा
फिलहाल ACB अधिकारियों द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर इसे रिश्वत से जुड़ा मामला माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत खुलासा जल्द होने की संभावना है।
— रिपोर्ट: मोनू सुरेश छीपा


