शाहपुरा: असामाजिक तत्वों ने मंदिर और सार्वजनिक संपत्तियों को बनाया निशाना, गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में चोरी और तोड़फोड़।
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
शाहपुरा | क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला वार्ड नंबर 7 का है, जहाँ असामाजिक तत्वों ने धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक सुविधाओं को निशाना बनाकर तोड़फोड़ की है। राजनीतिक घटनाक्रमों से जोड़कर देखे जा रहे इस कृत्य से स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
धार्मिक स्थलों पर चोरी और तोड़फोड़
उपद्रवियों ने वार्ड नंबर 7 स्थित गुप्तेश्वर महादेव मंदिर को निशाना बनाते हुए मंदिर का दानपात्र चोरी कर लिया। इतना ही नहीं, लाल घाट माताजी मंदिर के बाहर आमजन की सुविधा के लिए लगाया गया वाटर कूलर भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया है।
नवनिर्मित घाट पर भी हुआ हमला
असामाजिक तत्वों की बर्बरता यहीं नहीं रुकी; उन्होंने उस नवनिर्मित घाट पर भी भारी तोड़फोड़ की जिसका अभी औपचारिक उद्घाटन तक नहीं हुआ था। सार्वजनिक संपत्ति को पहुंचाए गए इस नुकसान से वार्डवासियों में गहरा असंतोष है।
वार्ड पार्षद ने पुलिस को दी चेतावनी
घटना की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद स्वराज सिंह ओर सदस्यों ने शाहपुरा थाना पुलिस को मामले से अवगत कराया। पार्षद ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक सुविधाओं को निशाना बनाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज ओर साक्ष्यों के आधार पर दोषियों को चिह्नित कर जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।


