
सीएम भजनलाल शर्मा का दक्षिण कोरिया में रोड शो: 2 कंपनियों ने प्रदेश में सड़कें बनाने की पेशकश की; समिट के लिए निवेशकों को किया आमंत्रित
जयपुर
राइजिंग राजस्थान समिट को लेकर सीएम भजनलाल शर्मा ने सोमवार को दक्षिण कोरिया में रोड शो किया। इसमें यूनेस्को की सूची में शामिल 9 वर्ल्ड हेरिटेज साइट्स समेत राजस्थान में आयोजित होने वाले मेले-त्योहार काे प्रदर्शित किया गया। सीएम ने यहां कई बड़ी कोरियाई कंपनियों और एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। दो कंपनियों ने राजस्थान में सड़कें बनाने की पेशकश की।
अंतरराष्ट्रीय इंवेस्टर्स मीट में सीएम भजनलाल शर्मा ने व्यापारिक समुदाय और निवेशकों को राजस्थान में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
सीएम ने कहा कि हमारी सरकार अगले पांच सालों में राज्य की अर्थव्यवस्था को मौजूदा 180 बिलियन अमेरिकी डॉलर से दोगुना करके 350 बिलियन अमेरिकी डॉलर करने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने निवेशकों को आश्वासन दिया कि राज्य में व्यापार करने में आसानी हो, इसके लिए राज्य सरकार की ओर से प्रक्रियाओं और नीतियों में लगातार सुधार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा- निवेशकों के अनुकूल माहौल बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत हमारी सरकार जल्द ही कई नई नीतियां लाने जा रही हैं। जो राज्य में व्यापार और कारोबार के माहौल को और बेहतर बनाएगी। इनमें नई औद्योगिक नीति, निर्यात प्रोत्साहन नीति, एमएसएमई नीति और एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) नीति शामिल है
दो ग्लोबल कंपनियों ने की बेहतर सड़कें बनाने की पेशकश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात के दौरान पॉस्को इंटरनेशनल और एसजी कॉरपोरेशन (दक्षिण कोरिया की एक एस्फॉल्ट और कंक्रीट निर्माता कंपनी) कंपनी के प्रतिनिधियों ने राजस्थान में एस्फॉल्ट यूनिट लगाने में रुचि दिखाई। कंपनी ने अपने उत्पादों के जरिए राज्य में बेहतर सड़कें बनाने की पेशकश कीं।
इस बैठक में कंपनियों ने प्रदेश में निवेश के लिए सब्सिडी, बुनियादी ढांचा सेवाओं, कच्चे माल की खरीद और अन्य आवश्यकताओं के संबंध में अपनी अपेक्षाएं भी सरकार से साझा की।
प्रदेश में पर्यटन संभावनाओं को लेकर रोड शो
रोड शो में राज्य के किले और महल, वन और वन्यजीव, मेले और त्यौहार, राजस्थान में होने वाली शादियां और पैलेस ऑन व्हील्स को प्रदर्शित किया गया। पर्यटन के अवसरों को तलाशने के लिए हुए इस रोड शो में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि संस्कृति और त्योहारों के मामले में भारत और दक्षिण कोरिया, दोनों ही देशों में बहुत समानता है।
दिसंबर में आयोजित होगी राइजिंग
राजस्थान समिट राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 का आयोजन इस साल 9, 10 और 11 दिसंबर को जयपुर में होगा। समिट में कृषि, अक्षय ऊर्जा, शिक्षा और कौशल, ऑटो और ईवी (इलेक्ट्रिक व्हील्स), इन्फ्रास्ट्रक्चर, केमिकल और पेट्रो-केमिकल, पर्यटन, स्टार्टअप, खनन सहित कई सेक्टर्स पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।
समिट का आयोजन राजस्थान सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रोमोशन (बीआईपी) और राजस्थान स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट एंड इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन (रीको) के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है, जिसका नोडल विभाग बीआईपी है


