भीलवाड़ा बना ‘सनातन की अयोध्या’: संत दर्शन शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब, भगवामय हुआ शहर
सनातन मंगल महोत्सव में दिखा भक्ति का महासागर, 26 फरवरी को दीक्षा दान
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
भीलवाड़ा। राजस्थान का वस्त्र नगरी भीलवाड़ा बुधवार को ‘सनातन की जीवंत अयोध्या’ के रूप में नजर आया। हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर के तत्वावधान में आयोजित 8 दिवसीय सनातन मंगल महोत्सव के तहत निकली ‘संत दर्शन एवं सनातन शोभायात्रा’ ने एक नया इतिहास रच दिया है। ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और गूंजते जयघोष के बीच पूरा शहर राममय और शिवमय हो गया।
दीक्षार्थियों की ऐतिहासिक नगर परिक्रमा
इस भव्य आयोजन का मुख्य आकर्षण दीक्षार्थी इन्द्रदेव, सिद्धार्थ और कुनाल की नगर परिक्रमा रही। संतों के सान्निध्य में निकली इस विराट शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। भीलवाड़ा के इतिहास में यह पहला अवसर था जब दीक्षार्थियों के सम्मान में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा, जिसने शहर को आध्यात्मिक गौरव से भर दिया।
संतों का महासंगम और भव्य झांकियां
शोभायात्रा में उदासीन कार्ष्णि पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी गुरुशरणानंद महाराज (रमणरेती, गोकुल) सहित देश के कोने-कोने से आए सैकड़ों संतों के दर्शन पाकर श्रद्धालु धन्य हो उठे।
- विशेष आकर्षण: नासिक, जम्मू और ओडिशा की ढोल टीमों की दमदार प्रस्तुति।
- रोमांचक दृश्य: उज्जैन की महाकाल टीम के करतब और शिव बारात की दिव्य झांकी।
- उपस्थिति: सांसद दामोदर अग्रवाल, जनप्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और देश-विदेश से आए हरि शेवा धाम के अनुयायी।
पुष्पवर्षा और जय सनातन की गूंज
दूधाधारी मंदिर (अयोध्या नगर) से शुरू हुई यह यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई हरि शेवा धाम पहुंची। रास्ते भर तोरणद्वार सजाए गए और घरों के बाहर से श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर संतों का स्वागत किया। महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने कहा कि भीलवाड़ा में जो उत्साह दिखा, वह अभूतपूर्व है। यह आयोजन सनातन एकता का जीवंत उदाहरण बन गया है।
कल होगा दीक्षा दान का महापर्व
महोत्सव के अगले चरण में 26 फरवरी (गुरुवार) को प्रातः 9 बजे से हरि शेवा आश्रम परिसर में भव्य दीक्षा दान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात दोपहर 1 बजे से अग्रवाल उत्सव भवन में ‘एक संगत-एक पंगत’ के भाव के साथ विशाल समष्टि भंडारे का आयोजन होगा।


