विराट हिंदू नव वर्ष महासंगम: गांव-गांव में पोस्टर विमोचन, शाहपुरा में जुटेगा सनातन का सैलाब
19 मार्च को 11 हजार कलश यात्रा, 108 झांकियां और 300 कार्यकर्ताओं की शस्त्र वाहिनी होगी शामिल
मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान
शाहपुरा।
19 मार्च को आयोजित होने वाले विराट हिंदू नव वर्ष महासंगम को लेकर गांव-गांव और ढाणी-ढाणी में तैयारियां जोरों पर हैं। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न गांवों में पोस्टर विमोचन का दौर चल रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में राष्ट्र नारों की गूंज सुनाई दे रही है।
कार्यक्रम के तहसील संयोजक रामेश्वर लाल धाकड़ व सहयोगी भगवान लढा के नेतृत्व में 22 गांवों के 35 कार्यकर्ताओं को झांकी प्रभारी, खड्ग वाहिनी प्रभारी व कार्यक्रम प्रभारी बनाकर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। ये कार्यकर्ता गांव-गांव में पोस्टर विमोचन कर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं। साथ ही घर-घर पंपलेट वितरण किया जा रहा है तथा प्रत्येक गांव के मुख्य स्थानों पर बड़े-बड़े बैनर लगाए जा रहे हैं। परिवारों को जोड़ने के उद्देश्य से बालकों को भी इस अभियान में शामिल किया जा रहा है।
धाकड़ ने बताया कि कार्यक्रम के दिन गांवों से लोग ट्रैक्टरों व वाहनों में प्रभात फेरियों के साथ शाहपुरा पहुंचेंगे। प्रातः 9 बजे मातृशक्ति द्वारा 11 हजार कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके साथ ही 108 आकर्षक झांकियां और 300 कार्यकर्ताओं की शस्त्र वाहिनी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएगी।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा से अंतरराष्ट्रीय कथावाचक साध्वी सरस्वती दीदी का उद्बोधन होगा। वहीं शाम को मुंबई से विश्वविख्यात गायिका स्वाती मिश्रा द्वारा “एक शाम प्रभु श्रीराम के नाम” विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें धर्म, राष्ट्र और सनातन संस्कृति का विराट संगम देखने को मिलेगा।
इस सनातनी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कई गांवों के कार्यकर्ताओं को तहसील टीम में शामिल किया गया है। इनमें आरणी से ज्ञान सिंह, रामजस गुर्जर, शंभूपुरा से वीरेंद्र सिंह व भंवरलाल लोधा, अरनिया रासा से गोविंद वैष्णव, सत्यनारायण जाट व घनश्याम बलाई, अमनपुरा सेवनी से महावीर वैष्णव, विनोद शर्मा व महावीर जाट, मदनपुरा से मुकेश खारोल व लादू वैष्णव, रघुनाथपुर से महावीर जाट व चंद्र सिंह, मिडोलिया से नरेंद्र शर्मा, महावीर प्रजापत व कैलाश बगड़ा सहित अन्य कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।


