शाहपुरा में रंग तेरस महोत्सव हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न, फागोत्सव का भव्य समापन
गोविंददेवजी मंदिर में भजनों की रसधारा, श्रद्धालु हुए भाव-विभोर
✍️ मोनू सुरेश छीपा, द वॉयस ऑफ राजस्थान9667171141*
शाहपुरा।
सदर बाजार स्थित भगवान श्री गोविंददेव जी मंदिर में रंग तेरस के पावन अवसर पर फागोत्सव के पंचम चरण का भव्य आयोजन करते हुए महोत्सव का हर्षोल्लास के साथ समापन किया गया। मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण और रंग-गुलाल की खुशबू से सराबोर नजर आया।
पंडित महावीर प्रसाद शर्मा ने बताया कि विगत वर्षों से भक्तजन ठाकुर जी महाराज के साथ पांच चरणों में फागोत्सव मनाते हुए अमृतानंद की अनुभूति करते हैं। उन्होंने पंच संख्या के महत्व को बताते हुए कहा कि पंच तत्व की तरह फागोत्सव में भी पांच वर्ण—फा, गो, त्, स, व—का विशेष महत्व है, जिसके प्रतीक रूप में यह महोत्सव पंचम चरण में सम्पन्न होता है।
इस अवसर पर श्री राधे रानी सखी मंडल की भक्तिमति सखियों एवं श्रद्धालुओं ने फाग के भजनों की मधुर प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिरस में डुबो दिया। भजनों की रसधारा में श्रद्धालु झूम उठे और नृत्य सेवा के लिए प्रेरित हुए।
भजन गायिका रंजना डोडिया ने “सांवरिया ऐसा डाल गुलाल कि रंग जाऊं तेरे रंग में”, सुनीता मूंदड़ा ने “मैं तो खेलूंगा होली आज राधे तेरे अंगना में”, सत्यनारायण ने “तुम झोली भक्तों रंग गुलाल से, होली खेला ला आपा गिरधर गोपाल से” तथा बाल कलाकार कुहु पोरवाल ने “बृज में धूम मची है भारी, होली खेले कृष्ण मुरारी” जैसे भजनों से समां बांध दिया।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भजनों की गूंज से गुंजायमान रहा। इस अवसर पर राधेश्याम झंवर, अनिल डोडिया, द्वारका प्रसाद, सत्यनारायण, दामोदर मूंदड़ा, नंदलाल सोनी सहित अनेक भक्तजन एवं मातृशक्ति—विमला डोडिया, रंजना, आशा, मंजु, निर्मला, सुनीता मूंदड़ा, संतरा घीया, पुष्पा काबरा, भंवरी देवी, सावित्री झंवर, मंजु, सीता शर्मा आदि उपस्थित रहे।


