चेटीचण्ड पर भीलवाड़ा में दिखेगा आस्था, अनुशासन और भव्यता का अद्भुत संगम — निकलेगी ऐतिहासिक वाहन रैली
ड्रोन से पुष्प वर्षा, हेरिटेज कारें और खास ड्रेस कोड रहेंगे आकर्षण का केंद्र

✍️ मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान9667171141*
भीलवाड़ा। वस्त्रनगरी एक बार फिर आस्था और संस्कृति के अद्भुत संगम की साक्षी बनने जा रही है। इष्टदेव के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर 19 मार्च, गुरुवार को सिन्धी समाज द्वारा एक विशाल और भव्य वाहन रैली का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन केवल एक रैली नहीं, बल्कि समाज की एकता, अनुशासन और सांस्कृतिक गौरव का जीवंत प्रदर्शन होगा।
सुबह 9 बजे चित्रकूट धाम से शुरू होने वाली इस भव्य यात्रा में हेरिटेज कारें, ओपन जीप और ड्रोन के माध्यम से पुष्प वर्षा मुख्य आकर्षण रहेंगे। रैली के शुभारंभ से पूर्व एवं 9 कन्याओं का वैदिक पूजन किया जाएगा, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो उठेगा।
अनुशासन और एकरूपता का संदेश
रैली में अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। संयोजक विनोद झूरानी के अनुसार सभी वाहन तीन कतारों में व्यवस्थित रूप से चलेंगे और किसी भी स्थिति में लाइन नहीं तोड़ी जाएगी। लगभग 101 कार्यकर्ताओं की विशेष टीम पूरे मार्ग में व्यवस्था संभालेगी। समाज द्वारा निर्धारित ड्रेस कोड के तहत महिलाएं लाल और पुरुष सफेद वस्त्रों में शामिल होकर एकता और संतुलन का संदेश देंगे।
युवाओं के लिए आकर्षण, पूरे शहर में गूंजेंगे जयकारे
युवाओं के लिए विशेष सेल्फी पॉइंट्स बनाए गए हैं, ताकि वे इस ऐतिहासिक आयोजन को सोशल मीडिया पर साझा कर सकें। डीजे की धुनों और जयकारों के साथ पूरा शहर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहेगा।
भव्य रूट और समापन समारोह
रैली चित्रकूट धाम से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों—गर्ल्स कॉलेज गेट, जंगजीत महादेव, हेमु कालानी सर्कल, गांधी बाजार, राजीव गांधी मार्केट सहित विभिन्न स्थानों से होती हुई रेलवे स्टेशन के पास स्थित झूलेलाल मंदिर नाथद्वारा सराय पहुंचेगी, जहां इसका भव्य समापन होगा।
समापन स्थल पर सामूहिक फोटो सेशन एवं फल-प्रसाद की व्यवस्था की गई है। इसके पश्चात दोपहर 12:15 बजे मंदिर में ‘झंडा साहब’ की रस्म एवं महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा।
इस आयोजन को लेकर पूरे भीलवाड़ा में उत्साह का माहौल है और सिन्धी समाज इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी तैयारियों में जुटा हुआ है।


