मांगों को लेकर सहकारी कर्मचारियों का प्रदर्शन तेज, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
27 फरवरी से कार्य बहिष्कार जारी, समिति कार्यालयों पर ताले; किसानों को ऋण व सेवाओं में हो रही परेशानी
बनेड़ा (( KK Bhandari ))/भीलवाड़ा।
राजस्थान सहकारी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, जिला इकाई भीलवाड़ा के आह्वान पर बनेड़ा ब्लॉक इकाई के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने बताया कि लंबे समय से उनकी विभिन्न मांगें लंबित हैं, जिससे प्रदेशभर के समिति कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।
संघर्ष समिति के अनुसार 27 फरवरी 2026 से समिति कर्मचारी अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पर हैं। इसके चलते जिले के सभी समिति कार्यालयों में कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है और कई कार्यालयों पर ताले लटक रहे हैं। व्यवस्थापक लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण आंदोलन पर हैं, जिससे किसानों को फसली ऋण वितरण सहित अन्य सहकारी सेवाओं में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारियों ने बताया कि कार्य बहिष्कार के कारण पैक्स कंप्यूटराइजेशन, फसली ऋण वितरण एवं वसूली, गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। साथ ही जिन किसानों का फसली ऋण रोलओवर नहीं हो पाया है, उन्हें 1 अप्रैल से ब्याज का अतिरिक्त भार झेलना पड़ सकता है।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने समिति कार्मिकों के लिए स्पष्ट कैडर अथॉरिटी एवं नियोक्ता निर्धारण की मांग की। उन्होंने बताया कि सहकारिता विभाग की गठित कमेटी सुझाव ले चुकी है, लेकिन पिछले तीन माह से मामला लंबित है। इसके शीघ्र निस्तारण की मांग की गई है।
इसके अलावा केंद्रीय सहकारी बैंकों में ऋण पर्यवेक्षकों के रिक्त पदों पर समिति व्यवस्थापकों को प्राथमिकता देते हुए शत-प्रतिशत नियुक्ति, भर्ती में आयु सीमा समाप्त करने, 10 जुलाई 2017 से पूर्व नियुक्त कर्मचारियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया पुनः शुरू करने तथा बैंकिंग सहायक पदों पर 20 प्रतिशत आरक्षित कोटे की भर्ती जल्द प्रारंभ करने की मांग भी रखी गई।
संघर्ष समिति ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो अप्रैल माह में जयपुर में विशाल रैली एवं महापड़ाव किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान गजानंद कुमावत, पवन कुमार वर्मा, राजू लाल गुर्जर, गोपाल लाल गुर्जर, राकेश ओझा, ब्लॉक अध्यक्ष सोफात हुसैन मंसूरी, उपाध्यक्ष सुमेर सिंह, सद्दाम हुसैन मंसूरी, देवीलाल वैष्णव, कैलाश चंद्र कुमावत, ओम प्रकाश कुमावत सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।


