शिक्षा परिषद के उपनिदेशक सुनील दत्त शर्मा ने PM श्री बालिका विद्यालय का किया गहन निरीक्षण; व्यवस्थाओं पर जताई प्रसन्नता
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव):
स्थानीय पी.एम.श्री. राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद, जयपुर के उपनिदेशक सुनील दत्त शर्मा ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित आधुनिक सुविधाओं और नवाचारों का बारीकी से अवलोकन किया।
डिजिटल और व्यवसायिक शिक्षा पर रहा जोर
उपनिदेशक शर्मा ने विद्यालय की बाल वाटिका, स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी और व्यवसायिक शिक्षा केंद्र का भ्रमण किया। उन्होंने ‘स्कूल इनोवेशन काउंसिल’ और लर्निंग आउटकम्स की समीक्षा की। पीएम श्री योजना के तहत सत्र भर आयोजित होने वाली गतिविधियों, रिकॉर्ड संधारण और मीडिया कवरेज को देखकर उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना की।
छात्राओं से सीधा संवाद और फीडबैक
निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्राओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने शिक्षण व्यवस्था और अन्य गतिविधियों पर छात्राओं से फीडबैक लिया। इसके साथ ही उन्होंने भवन संबंधी आवश्यकताओं और विद्यालय के लिए खेल मैदान आवंटन की प्रगति रिपोर्ट भी ली। उन्होंने आश्वस्त किया कि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान करने हेतु उचित कार्यवाही की जाएगी।
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय (हुरडा) से अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शिव कुमार टेलर, विद्यालय की संस्था प्रधान श्रीमती मैना कुमारी चारण, पीएम श्री प्रभारी एवं उपप्राचार्य श्रीमती सुनिता झांझडिया मौजूद रहीं। साथ ही पीएम श्री सहप्रभारी श्रीमती शिमला नागला, अति. प्रशासनिक अधिकारी लाल चंद टेलर, दिपेश कुमार सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित था।


