*जयपुर: कोटा चंबल नदी में बह गए 6 लोग, एक टापू पर फंसा, परीक्षा देने गई युवती नाले में स्कूटी सहित बही, मौत*
*14 जूलाई सोमवार 2025-26*
*जयपुर:* कोटा. अचानक कोटा बैराज से पानी छोड़ने के बाद चंबल नदी उफान पर आ गई है. चंबल नदी में दीगोद थाना इलाके के निमोद हरि जी के नजदीक चौथ माता का मंदिर स्थित है, जहां पर सात लोग फंस गए थे. इनमें से 6 लोग बह गए हैं, जबकि एक नदी के बीच में स्थित टापू पर फंसा हुआ है. इसकी सूचना मिलने पर दोपहर 2:15 बजे पुलिस मौके पर पहुंच गई.
*देखते-देखते पानी में बहे लोग:*
दीगोद थाना अधिकारी पुरुषोत्तम मेहता ने बताया कि उन्हें 7 लोगों के फंसने की सूचना मिली थी, जिसके बाद मौके पर आ गए थे. उनके आने के पहले इनमें से पहले तीन व्यक्ति चंबल नदी में तेज बहाव में बह गए. उनके सामने ही बाकी चार व्यक्ति भी पानी बह गए. इनमें से एक व्यक्ति टापू पर नजर आ रहा है. शेष छह व्यक्ति चंबल नदी के बहाव में आगे निकल गए हैं. सूचना मिलने पर आला पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं. इसके अलावा एसडीआरएफ की टीम भी आ गई है. एसडीआरएफ की टीम इस व्यक्ति को बाहर निकालेगी. इसके बाद अन्य लोगों के संबंध में जानकारी मिल पाएगी.
*युवती स्कूटी सहित बही, मौत:*
शहर के बंधा धर्मपुरा और रानपुर इलाके अचानक बारिश का पानी प्रवेश कर गया. इसके चलते रानपुर इलाके के एजुकेशन संस्थान और फैक्ट्रियों में भी पानी भर गया है. महर्षि अरविंद इंजीनियरिंग कॉलेज में परीक्षा देने गए करीब 150 छात्र फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए आनन फानन में स्टेट डिजास्टर रिस्पांस टीम (SDRF) को मौके पर भेजा गया है. टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर बच्चों को बाहर निकाला है. इसी दौरान कॉलेज के बाहर बहाने वाले बरसाती नाले में एक स्कूटी समेत युवती के बहने की भी सूचना मिली थी. युवती भी महर्षि अरविंद कॉलेज में परीक्षा देने के लिए जा रही थी, जिसके शव को एसडीआरएफ ने नाले में से डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद निकाला. हालांकि, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया है.
*150 बच्चे फंसे होने की सूचना:*
एसडीआरएफ बी कंपनी कोटा की प्रभारी एकता हाड़ा ने बताया कि उन्हें करीब 1 बजे के आसपास सूचना मिली थी कि एक युवती परीक्षा देने गई थी और महर्षि अरविंद इंजीनियरिंग कॉलेज के बाहर नाले के बहाव में बह गई. युवती स्कूटी के साथ ही बह गई थी. ऐसे में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया था और भारी मशक्कत के बाद युवती को तलाशा गया. उसे पहले सीपीआर दिया गया और तुरंत अस्पताल भेज दिया था. रानपुर थानाधिकारी रामविलास मीणा ने बताया कि युवती की मृत्यु हो गई है. कॉलेज की बिल्डिंग में करीब 150 बच्चे फंसे होने की सूचना है. उनको बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है. आसपास अन्य शैक्षणिक संस्थाओं की भी जांच के निर्देश हैं.
*फैक्ट्री, कोचिंग, स्कूल और कॉलेज स्थित:*
रामपुर इलाके में फैक्ट्री के साथ-साथ बड़ी संख्या में इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक आईटीआई और दूसरे कॉलेज भी स्थित हैं. साथ ही यहां पर बड़े 2-3 स्कूल भी हैं, जिनमें बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ने के लिए जाते हैं. साथ ही हॉस्टल भी यहां पर बने हुए हैं. कुछ कोचिंग संस्थानों में यहां पर हॉस्टल विद कोचिंग की फैसिलिटी के साथ पढ़ाई करवाई जाती है. ऐसे में पूरा एरिया सेंसिटिव है. ट्रिपल आईटी कोटा की बाउंड्री भी तीन से चार जगह से टूट गई है. फैक्ट्री में भी पानी प्रवेश कर गया है.
*गोताखोर टीम ने किया दो दर्जन से ज्यादा का रेस्क्यू:*
नगर निगम के सीनियर गोताखोर विष्णु श्रृंगी ने बताया कि रानपुर और बंधा धर्मपुरा इलाके में भारी बारिश के बाद पानी भराव की स्थिति है. ऐसे में फैक्ट्री में फंसे हुए दो मजदूरों को सकुशल बाहर निकाला है. दूसरी तरफ दो दर्जन से ज्यादा रेस्क्यू इस सड़क मार्ग की कॉलोनी में किए गए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे शामिल हैं. बरड़ा बस्ती ट्रक यूनियन के नजदीक भी बड़ी संख्या में लोग फंसे हुए हैं, जिनको रेस्क्यू किया जा रहा है. 24 से ज्यादा उनकी टीम के सदस्य काम कर रहे हैं.


