संभाग स्तरीय पत्रकार सम्मान समारोह सम्पन्न, पत्रकारिता को बताया लोकतंत्र की रीढ़
जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी मुख्य अतिथि रहे
✍️ *मोनू नामदेव।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
राजसमन्द,
हिंदुस्तान समाचार एवं परिवार समाचार के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को संभाग स्तरीय पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन सूचना केन्द्र राजसमन्द में किया गया। समारोह में राजस्थान सरकार के केबिनेट मंत्री एवं जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार श्री विष्णु शर्मा ‘हितैषी’ ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं वंदेमातरम् के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का माल्यार्पण और शॉल-श्रीफल भेंट कर स्वागत किया गया। समारोह में संभाग के विभिन्न जिलों से आए पत्रकारों को उनकी निष्ठावान सेवाओं और समाज के प्रति उत्तरदायी लेखनी के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि श्री बाबूलाल खराड़ी ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि यह समाज को जागरूक करने, जनभावनाओं को स्वर देने और शासन-प्रशासन को दिशा दिखाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज जब डिजिटल युग में सूचनाओं की बाढ़ है, तब ईमानदार, तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की रीढ़ हैं, जो न सिर्फ समाज में संवाद स्थापित करते हैं, बल्कि समस्याओं को उजागर कर समाधान का मार्ग भी प्रशस्त करते हैं। श्री खराड़ी ने आयोजन समिति को इस सार्थक पहल के लिए बधाई देते हुए आशा जताई कि ऐसे आयोजन पत्रकारों को नई ऊर्जा प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम अध्यक्ष श्री विष्णु शर्मा ‘हितैषी’ ने कहा कि पत्रकारिता एक मिशन है, व्यवसाय नहीं। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे पत्रकारिता को केवल रोज़गार का माध्यम न समझें, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्व को समझते हुए निष्पक्षता एवं नैतिक मूल्यों को केंद्र में रखकर कार्य करें।
कार्यक्रम के दौरान संयोजक एवं संपादक श्री कमल कुमार झोटा और श्रीमती ऋतु झोटा ने आयोजन की पृष्ठभूमि और उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पत्रकारों को मंच पर लाकर उनका सम्मान करना एक छोटी-सी कोशिश है ताकि उनके योगदान को समाज के सामने लाया जा सके। इस अवसर पर हिन्दी मासिक राष्ट्रीय पत्रिका परिवार समाचार पुस्तिका का विमोचन मुख्य अतिथि बाबूलाल जी खराड़ी जनजाति मंत्री राजस्थान सरकार, कमल कुमार झोटा, श्रीमती ऋतु झोटा, विष्णु शर्मा द्वारा किया गया।
समारोह में बड़ी संख्या में पत्रकार, साहित्यकार, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुचारू रूप से किया गया और अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ।
कार्यक्रम के पश्चात अतिथियों ने पौधारोपन कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
—


