अपना घर वृद्धाश्रम में निःशुल्क नेत्र शिविर 20 से
चार दिवसीय शिविर में जांच, मोतियाबिंद ऑपरेशन, दवाइयां व चश्मे की सुविधा निःशुल्क ✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
भीलवाड़ा, 19 अगस्त। श्री गणेश उत्सव प्रबंध एवं सेवा समिति के तत्वावधान में आरसी व्यास कॉलोनी स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में 20 अगस्त से चार दिवसीय निःशुल्क नेत्र जांच एवं परामर्श तथा मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का शुभारंभ 20 अगस्त को प्रातः 10 बजे होगा।
समिति के मीडिया प्रभारी महावीर समदानी ने बताया कि शिविर में नेत्र विशेषज्ञ डॉ. कृष्णा हेड़ा, डीएनबी द्वारा नेत्र रोगियों की जांच कर परामर्श दिया जाएगा। शिविर में मरीजों को आवास, भोजन, दवाइयां एवं चश्मे की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि शिविर 20 से 23 अगस्त तक चलेगा। पहले दिन मरीजों की नेत्र जांच एवं परामर्श, दूसरे दिन मोतियाबिंद के ऑपरेशन, तीसरे दिन ऑपरेशन के बाद जांच तथा चौथे दिन फॉलोअप किया जाएगा। समिति ने जरूरतमंद नेत्र रोगियों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।


