पीएम श्री राजकीय विद्यालय हुरड़ा में बाल वाटिका कम्युनिटी कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित
अभिभावक बैठक, मदर्स प्रतियोगिता एवं विद्यार्थियों के सम्मान समारोह से गूंजा परिसर
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)।
में बुधवार को बाल वाटिका के तहत कम्युनिटी कनेक्ट कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य गोपाल लाल भील ने की। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य रेखा कुमारी, नागेश्वर दाधीच, निर्मला अरोड़ा, रामकन्या पाराशर, मंजुलता शर्मा एवं वीरेंद्र कुमार टेलर सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
बाल वाटिका प्रभारी सुनीता टेलर एवं एनटीटी शिक्षिका प्रियंका शर्मा के निर्देशन में आयोजित अभिभावक बैठक में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंतर्गत बाल वाटिका के बच्चों का जन्मदिवस केक काटकर मनाया गया, जिससे विद्यालय परिसर में उल्लास का वातावरण बना रहा।
माताओं के लिए विशेष “मदर्स प्रतियोगिता” के तहत विभिन्न खेलकूद गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही छात्रों की सर्वाधिक उपस्थिति, स्वच्छता एवं नियमित अभिभावक बैठकों में सहभागिता के आधार पर अभिभावकों को सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पारितोषिक प्रदान किए गए। कार्यक्रम में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी ने विद्यालय और समुदाय के बीच मजबूत समन्वय का संदेश दिया। अंत में सभी अभिभावकों एवं अतिथियों को अल्पाहार कराया गया।


