नगरपालिका प्रशासन की बाजारों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई
दुकानों के बाहर रखा सामान व टीन शेड हटाए, अस्थायी अतिक्रमण पर सख्ती
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)।
शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने एवं आमजन को राहत दिलाने के उद्देश्य से गुलाबपुरा नगरपालिका प्रशासन ने स्थानीय बाजारों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
पालिका अधिशाषी अधिकारी तेजभान सिंह ने टीम के साथ बाजार क्षेत्र का निरीक्षण कर दुकानों एवं प्रतिष्ठानों के बाहर सामान रखकर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कदम उठाए। प्रारंभ में दुकानदारों को अस्थायी अतिक्रमण स्वेच्छा से हटाने की हिदायत दी गई, लेकिन निर्देशों की अनदेखी करने पर प्रशासन ने जेसीबी मशीन (पीला पंजा) की मदद से दुकानों के बाहर रखा सामान एवं लगाए गए टीन शेड हटवाए।
कार्रवाई के दौरान पालिका कर्मचारी, जमादार एवं सफाई कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन की इस मुहिम से बाजार क्षेत्र में व्यवस्था सुधारने का संदेश गया है।
जानकारी के अनुसार अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि शहर में सुचारू आवागमन एवं स्वच्छता बनी रहे।


