शाहपुरा में तहसील माहेश्वरी महिला संगठन का भव्य फागोत्सव आयोजित, भांणा गणेश मंदिर में महिलाओं ने खेली फूलों व अबीर-गुलाल की होली
मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान
शाहपुरा। तहसील माहेश्वरी महिला संगठन शाहपुरा की ओर से स्थानीय भांणा गणेश मंदिर में हर्षोल्लास के साथ फागोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर एवं आसपास क्षेत्रों की बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तहसील अध्यक्ष श्रीमती विनीता अजमेरा ने जानकारी देते हुए बताया कि फागोत्सव में पधारी महिलाओं का तिलक लगाकर, मोली बांधकर एवं गुड़ खिलाकर पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत गणेश वंदना से की गई, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।
तहसील मंत्री श्रीमती सरिता दाखेड़ा ने बताया कि फागोत्सव के दौरान महिलाओं ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए, जिन पर उपस्थित महिलाओं ने जमकर नृत्य किया। इस अवसर पर फूलों और अबीर-गुलाल के साथ होली खेली गई। पूरा मंदिर परिसर रंगों और उल्लास से सराबोर नजर आया।
फागोत्सव बड़े ही धूमधाम और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में संरक्षक श्रीमती विमला मारू, निवर्तमान अध्यक्ष श्रीमती सुभद्रा हेड़ा, प्रदेश संगठन मंत्री श्रीमती सुनीता मणियार, नगर मंत्री श्रीमती संजू झंवर सहित कंचन मुंदड़ा, चंदा डोडिया, मधु मारू, शशी बांगड़, शकुंतला बंग, लाड झंवर, साधना बिड़ला, शीतल काबरा, सीमा मुंदड़ा, गायत्री समदानी उपस्थित रहीं।
इसके अतिरिक्त ढिकोला से मंजू जी पटवारी, वंदना गगराणी तथा आमली कलां से सरोज लखोटिया सहित नगर की अनेक महिलाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम का समापन गणेश जी की आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ किया गया।
यह आयोजन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बनकर उभरा, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।


