गुलाबपुरा: विश्व पृथ्वी दिवस पर भारत विकास परिषद ने आयोजित की संगोष्ठी, 300 परिंडों का किया वितरण
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर स्थानीय भारत विकास परिषद शाखा द्वारा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता लाने के लिए विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। परिषद की ओर से हैप्पी अवर्स स्कूल और हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड द्वारा संचालित कौशल केंद्र पर संगोष्ठी, वार्ता और परिंडा वितरण कार्यक्रम संपन्न हुए।
पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण पर जोर
हैप्पी अवर्स स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सत्यनारायण जागेटिया ने विद्यार्थियों को पृथ्वी दिवस की महत्ता समझाते हुए पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। इस दौरान परिषद के सचिव सूरज करण लड्ढा ने उपस्थित विद्यार्थियों को पर्यावरण बचाने की शपथ दिलाई।
ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण के खिलाफ जागरूकता
जिंक कौशल केंद्र पर आयोजित संगोष्ठी का संचालन किशोर राजपाल ने किया। उन्होंने पृथ्वी दिवस के उद्देश्यों और ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर समस्याओं से निपटने के लिए नागरिक कर्तव्यों की जानकारी दी। मुख्य वक्ता सूरज करण लड्ढा ने पॉलिथीन के बहिष्कार और जल संरक्षण के उपायों पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर जिंक कौशल केंद्र के अजय गर्ग, नेहा, आस्था मिश्रा, सचिन गुप्ता सहित कई प्रशिक्षु उपस्थित रहे।
पक्षियों के लिए बांघे 300 परिंडे
भीषण गर्मी को देखते हुए परिषद ने ‘मूक पक्षियों के लिए जल व्यवस्था’ अभियान के तहत 300 परिंडों का वितरण किया। संरक्षक कन्हैया लाल सोनी और पर्यावरण प्रभारी अनुराग चौधरी के नेतृत्व में आगूचा, गागेड़ा, हैप्पी अवर्स और जिंक कौशल केंद्र जैसे विभिन्न स्थानों पर परिंडे बांधे गए। साथ ही विद्यार्थियों को अपने घरों के आसपास अनुकूल स्थानों पर परिंडे लगाने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में प्रांतीय संयोजक (पर्यावरण) दिनेश छतवानी सहित परिषद के कई गणमान्य सदस्य मौजूद थे।
रिपोर्ट: मोनू सुरेश छीपा
स्रोत: द वॉयस ऑफ राजस्थान


