महेश जयंती पर बनेड़ा में भव्य शोभा यात्रा व सामूहिक भोज का आयोजन ।
बनेड़ा (( केके भण्डारी ))
माहेश्वरी समाज का वंशोंत्पति दिवस महेश नवमी को देश प्रदेश में महोत्सव के रूप में धूमधाम से मनाया गया । इसी के तहत हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बनेड़ा कस्बे में महेश नवमी महोत्सव बड़े ही भव्य रूप से मनाया गया । अध्यक्ष सुभाष नुवाल ने बताया कि बनेड़ा में सायं 5.30 बजे नगर माहेश्वरी सभा द्वारा महेश नवमी के उपलक्ष में बैंड बाजे के साथ भव्य शोभा यात्रा निकाली गईं जो बड़े चारभुजा जी के मंदिर से शुरू होकर कस्बे के प्रमुख मार्गो, सदर बाजार से होते हुए पुराने बस स्टैंड पर स्थित रामानुज कोट पहुँची, जिसमें बनेड़ा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र से माहेश्वरी समाज के बंधुओ ने भाग लिया । शोभा यात्रा का जगह जगह भव्य स्वागत हुआ । शोभायात्रा में ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, माहेश्वरी समाज का नाम रहेगा”, जय महेश, महेश भगवान की जय आदि का जय घोष हुआ । मातृशक्ति और युवा शक्ति द्वारा भजनों और गीतों की धुन पर सामूहिक नृत्य भी किया गया ।
सचिव बालकृष्ण सोडाणी ने बताया कि शोभा यात्रा के बाद रामानुज कोट मे भगवान महेश की स्तुति और महा आरती हुई । वहीं मंचासीन अतिथियों ने उद्बोधन और आशीर्वचन दिया ।
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं, विजेता क्रिकेट टीम और महिला मंडल द्वारा आयोजित सांस्कृतिक व खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया । समाज के बुजुर्ग जनों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्र से पधारे हुए समाज जनों का भी अभिनंदन किया गया। सामूहिक भोज के साथ ही कार्यक्रम का समापन किया गया ।



