*जहाजपुर में तनाव के चलते ताजिया निकालने पर रोक, परिवार धरने पर, पुलिस फोर्स तैनात*
*कल हुई थी जहाजपुर में कार टक्कर विवाद में युवक की हत्या*
भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर में युवक की हत्या के मामले में विरोध प्रदर्शन जारी है। परिवार ने एक करोड़ के मुआवजे के साथ आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की है।
शनिवार सुबह से ही जहाजपुर के सरकारी हॉस्पिटल के बाहर परिवार प्रदर्शन कर रहा है। वहीं, कस्बे में तनाव के चलते प्रशासन ने 5 और 6 जुलाई को मोहर्रम पर निकलने वाले ताजिया पर रोक लगा दी है।
दरअसल, शुक्रवार शाम को जहाजपुर के तकिया मस्जिद इलाके में युवक के साथ मारपीट हुई थी। इस दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने बताया कि पूरा विवाद कार के ठेले से टकराने के कारण हुआ था।
हत्या के विरोध में आज जहाजपुर कस्बा भी बंद है। मामले में अब तक 16 नामजद व 20 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, 10 थानों का जाप्ता भी मौके पर तैनात है।
पुलिस के अनुसार टोंक के छावणी के रहने वाले वाले चार युवक सीताराम, सिकंदर, दिलखुश और दीपक कार से जहाजपुर आए थे। ड्राइविंग करने वाले सिकंदर कीर ने बताया कि वे सभी उसकी बहन के यहां एक कार्यक्रम में आए थे।
मुख्य बाजार से निकलने के दौरान उनकी कार एक ठेले से टकरा गई। इसके बाद ठेले वाले के साथ उनका विवाद हो गया। इसी दौरान वहां करीब 20 लोग जमा हो गए और मारपीट करने लगे।
उन्होंने सीताराम को बाहर खींचकर सड़क पर गिरा दिया। हमले में सीताराम कीर (25) की मौत हो गई। घटना शुक्रवार देर शाम 7.30 बजे की है।


