संस्कृत भारती का संस्कृत सप्ताह का हुआ शुभारम्भ।
===
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव) स्थानीय संस्कृत भारती द्वारा संस्कृत सप्ताह का शुभारम्भ किया गया।
संस्कृत भाषा को जन भाषा बनाने के संकल्प को लेकर संस्कृत भारती गुलाबपुरा द्वारा नगर में संस्कृत सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। नगर संयोजक भेरूलाल गर्ग ने बताया कि 6 अगस्त से 12 अगस्त तक गुलाबपुरा नगर के विविध राजकीय एवं निजी विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों को संस्कृत के प्रति प्रेरित करते हुए विविध प्रतियोगिताओं के द्वारा संस्कृत सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शिशु सदन माध्यमिक विद्यालय में 6 अगस्त को विधिवत संस्कृत सप्ताह का उद्घाटन समारोह किया गया, साथ ही इसी दिन इस विद्यालय में वरिष्ठ वर्ग एवं कनिष्ठ वर्ग की संस्कृत श्लोक पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उद्घाटन समारोह में मुख्य वक्ता चित्तौडप्रान्त मन्त्री डॉ परमानन्द शर्मा ने कहा कि संस्कृत सरल पूर्णतः वैज्ञानिक भाषा है। संस्कृत में ही हमारी संस्कृति निहित है। वेद पुराण उपनिषद रामायण महाभारत आदि समस्त धर्मग्रन्थ संस्कृत भाषा में लिखे गए हैं। अतः प्रत्येक सनातनी को संस्कृत अनिवार्य रूप से सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि संस्कृत भाषा न केवल वेद पुराणों की भाषा है अपितु यह पाठकों को अनेक विधरोजगार प्रदान करने वाली भाषा भी है। संस्कृत भाषा में निहित आयुर्वेद एवं योग ने आज संपूर्ण विश्व में अपनी पहचान बनाई है इन सब को जानने के लिए संस्कृत जानने की परम आवश्यकता है। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षाविद कैलाश चन्द्र लड्ढा ने वर्तमान समय में भगवद्गीता एवं संस्कृत भाषा की प्रासंगिकता को उद्घाटित करते हुए कहा है कि भगवद्गीता जीवन को सकारात्मक ढंग से जीने का संदेश देती है और यह ज्ञान केवल संस्कृत सीखने से ही प्राप्त हो सकता है अतः संस्कृत भाषा अवश्य सीखनी चाहिए। समारोह की अध्यक्षता कर रही शिक्षाविद श्रीमती रश्मि वर्मा ने सभी प्रतियोगी विद्यार्थियों का उत्साह वर्धन करते हुए बताया कि आने वाले युग की भाषा संस्कृत भाषा होगी इसमें कोई संदेह नहीं है। संस्कृत के विद्यार्थियों का भविष्य अत्यन्त उज्जवल है अतः संस्कृत भाषा को अनिवार्य रूप से पढ़ना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन धारा प्रवाह से संस्कृत माध्यम से संस्कृत भारती भीलवाड़ा जिलामन्त्री शंकर लाल सेन ने किया। कार्यक्रम में पूर्व प्राचार्य एवं शिक्षाविद सीताराम शर्मा प्रांत गण सदस्य संस्कृत भारती चित्तौड़ प्रान्त, गुलाबपुरा खंड संघ चालक एवं समाजसेवी श्री नरेंद्र कैलानी, समाजसेवी एवं गीता शिक्षण केंद्र के संयोजक शिव प्रसाद पोरवाल, संस्कृत भारती के कार्यकर्ता कचरू सिंह, शिशु सदन विद्यालय की प्राचार्य चारुलता, संस्कृत शिक्षिका श्रीमती अरुणिमा, आदित्य श्रीवास्तव, विद्यार्थियों के साथ आने वाले शिक्षक गण एवं स्थानीय विद्यालय के अध्यापक अध्यापिकाएं सहित मौजूद थे।
संस्कृत भारती का संस्कृत सप्ताह का हुआ शुभारम्भ।
Leave a comment
Leave a comment


