*पंचवटी विकास समिति ने हर्षोल्लास के साथ मनाया 79वां स्वतंत्रता दिवस !*
मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान
पंचवटी विकास समिति द्वारा 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत धूमधाम एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। आयोजन पंचवटी कम्युनिटी हॉल प्रांगण देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रध्वज तिरंगे के ध्वजारोहण से हुई, जिसे कॉलोनी के प्रतिष्ठित नागरिकों डॉ. श्याम सुंदर भट्ट, कैलाश जीनगर, गोपाल शर्मा एवं प्रदीप दुआ के कर-कमलों द्वारा संपन्न किया गया।
ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान की मधुर ध्वनि ने समस्त वातावरण को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए देशभक्ति गीतों पर मनोहारी नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
समिति अध्यक्ष श्री विक्रम झा ने तिरंगे की गरिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा, तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि यह हमारे देश की अस्मिता, स्वाभिमान और बलिदानों की अमिट पहचान है। हमें इसकी गरिमा औ सम्मान को सदैव बनाए रखना चाहिए।
इस अवसर पर समिति द्वारा ‘अंत्योदय’ की मूल भावना का पालन करते हुए कॉलोनी के सभी निवासियों को ससम्मान आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं की सक्रिय और गरिमामयी उपस्थिति उल्लेखनीय रही, जिन्होंने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समारोह में समिति सचिव अभिषेक चंडालिया सहित हस्तीमल आंचलिया, अशोक जीनगर, मुकेश लौट, देवराज सिंह, सुनील नामदेव, राहुल कटारिया, अरुण सोनी एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन देशभक्ति नारों भारत माता की जय, वंदे मातरम् , जय हिंद के उद्घोष के साथ किया गया। समिति की ओर से सभी अतिथियों एवं सहभागी नागरिकों का आभार प्रकट किया।


