भीलवाड़ा के ‘सनातन मंगल महोत्सव’ में शामिल होंगे CM भजनलाल शर्मा! महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने दिया आमंत्रण
भीलवाड़ा में 19 से 26 फरवरी तक आयोजित होगा भव्य धार्मिक समागम और दीक्षा दान समारोह; जयपुर में हुई शिष्टाचार भेंट
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
भीलवाड़ा/जयपुर
हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर, भीलवाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने शुक्रवार को जयपुर में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान स्वामी जी ने मुख्यमंत्री को भीलवाड़ा में आगामी 19 से 26 फरवरी तक आयोजित होने वाले ‘सनातन मंगल महोत्सव’ एवं दीक्षा दान समारोह का विधिवत निमंत्रण पत्र सौंपा।
सनातन परंपराओं का संरक्षण है महोत्सव का उद्देश्य
मुलाकात के दौरान स्वामी हंसराम उदासीन ने मुख्यमंत्री को महोत्सव के धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि यह आयोजन सनातन परंपराओं के संरक्षण और समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस पहल की सराहना की और आयोजन की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
तीन ब्रह्मचारी लेंगे दीक्षा, देशभर से जुटेंगे संत
इस 8 दिवसीय महोत्सव का मुख्य आकर्षण दीक्षा दान समारोह होगा, जिसमें आश्रम के तीन ब्रह्मचारियों को सन्यास दीक्षा प्रदान की जाएगी।
- भक्ति और संस्कार का संगम: कार्यक्रम में देश-विदेश से प्रख्यात संत-महात्मा और हजारों श्रद्धालु शिरकत करेंगे।
- प्रमुख उपस्थिति: इस अवसर पर आश्रम के ब्रह्मचारी कुनाल, लघु उद्योग भारती के प्रदेश संयुक्त महामंत्री रवीन्द्र कुमार जाजू, और वाल्मीकि समाज के पदाधिकारी छीतर मल गैंगट भी उपस्थित रहे।


