कोटा में महंत देवानंद महाराज की हत्या, मठ में घुसकर धारदार हथियार से किया हमला
— मोनू एस. छीपा
द वॉयस ऑफ राजस्थान
कोटा, 6 जून। राजस्थान के कोटा जिले में स्थित चंद्रेसल मठ के महंत देवानंद महाराज की देर रात अज्ञात हमलावरों द्वारा धारदार हथियार से हत्या कर दिए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बोरखेड़ा थाना क्षेत्र के चंद्रेसल गांव स्थित प्राचीन मठ में महंत देवानंद महाराज अपने कक्ष में विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावर मठ परिसर में घुस आए और उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल महंत को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बोरखेड़ा थाना पुलिस, एफएसएल टीम तथा वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा मठ से जुड़े लोगों और स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्या के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
महंत देवानंद महाराज की हत्या की खबर फैलते ही साधु-संतों, धार्मिक संगठनों और स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त हो गया। विभिन्न संगठनों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
— मोनू एस. छीपा
द वॉयस ऑफ राजस्थान


