Bhilwara Fire News: रीको एरिया में कपड़ा फैक्ट्री के गोदाम में विकराल आग, दमकल विभाग का रेस्क्यू जारी
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
भीलवाड़ा | 23 फरवरी 2026
भीलवाड़ा (राजस्थान): वस्त्र नगरी भीलवाड़ा के औद्योगिक क्षेत्र रीको थर्ड फेज में सोमवार शाम एक भीषण अग्निकांड से हड़कंप मच गया। यहाँ स्थित एमडी क्रिएशन के कपड़ा गोदाम में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी भयावह है कि इसकी लपटें और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता है।
शाम 5 बजे भड़की आग, पूरे परिसर को लिया आगोश में
प्रताप नगर थाने के सहायक उप निरीक्षक विजय सिंह से मिली जानकारी के अनुसार, आग शाम करीब 5 बजे एमडी क्रिएशन के गोदाम में लगी। गोदाम में कपड़े का भारी स्टॉक होने के कारण आग ने तेजी से विस्तार किया और पीछे स्थित अन्य गोदामों को भी अपनी चपेट में ले लिया। परिसर में दो से तीन गोदाम बताए जा रहे हैं, जो पूरी तरह आग की आगोश में हैं।
दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर, युद्ध स्तर पर बुझाने का प्रयास
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिशें शुरू की गईं। आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त संसाधनों को भी बुलाया गया है। प्रशासन और दमकल की टीमें मुस्तैदी से जुटी हैं ताकि आग को पास की अन्य फैक्ट्रियों और रिहायशी इलाकों में फैलने से रोका जा सके।
भारी नुकसान की आशंका, जनहानि नहीं
शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हादसे में फिलहाल किसी जनहानि की खबर नहीं है, जो कि राहत की बात है। हालांकि, गोदाम में रखा करोड़ों रुपये का कपड़ा जलकर खाक होने का अनुमान लगाया जा रहा है। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय उद्यमी और पुलिस बल तैनात है। आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।


