गुलाबपुरा में क्षतिग्रस्त सड़क को लेकर गणेश कॉलोनीवासियों का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
अंडरपास से धूणी होकर बिजयनगर जाने वाले मार्ग की दयनीय हालत पर जताई नाराजगी, शीघ्र मरम्मत की मांग
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)।
शहर की गणेश कॉलोनी के निवासियों ने रेलवे अंडरपास से धूणी होते हुए बिजयनगर जाने वाली क्षतिग्रस्त सड़क को दुरुस्त करवाने की मांग को लेकर उपखंड अधिकारी दिव्यराज सिंह चुंडावत को ज्ञापन सौंपा। कॉलोनीवासियों ने बताया कि पिछले डेढ़ वर्ष से उक्त सड़क की स्थिति अत्यंत खराब बनी हुई है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि अंडरपास से गुलाब बाबा की धूणी होते हुए बिजयनगर जाने वाला मार्ग पूरी तरह टूटा पड़ा है। इस मार्ग पर वाहनों की अत्यधिक आवाजाही रहती है, जिसके कारण दिनभर धूल के गुबार उड़ते रहते हैं। आसपास के घरों में धूल भरने से निवासियों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है तथा बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि कुछ माह पूर्व इसी समस्या को लेकर सड़क पर जाम भी लगाया गया था। उस समय जनप्रतिनिधियों के आश्वासन पर जाम हटाया गया, लेकिन आज तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। आगामी बरसात के दिनों में अंडरपास बंद होने की स्थिति में समस्त यातायात इसी मार्ग से गुजरता है, जिससे सड़क और अधिक क्षतिग्रस्त हो जाती है। बारिश के समय हालात इतने खराब हो जाते हैं कि लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो जाता है।
ज्ञापन में मांग की गई कि अंडरपास मार्ग पर एक या दो अवरोधक लगाए जाएं, ताकि भारी वाहनों की आवाजाही रोकी जा सके और सड़क बार-बार क्षतिग्रस्त न हो। साथ ही दुर्घटनाओं की संभावना भी कम की जा सके।
इसके अतिरिक्त गणेश कॉलोनी स्थित शिव मंदिर के चारों ओर की नालियां कीचड़ से अटी पड़ी हैं, जिससे मच्छरों का प्रकोप और दुर्गंध फैल रही है। कॉलोनीवासियों ने नालियों की तत्काल सफाई करवाने की भी मांग की। साथ ही खारी नदी की ओर जाने वाले मार्ग को भी शीघ्र दुरुस्त करवाने की आवश्यकता बताई, ताकि अंडरपास मार्ग पर यातायात का दबाव कम किया जा सके।
ज्ञापन देने वालों में प्रवीण साहड़ा, लक्ष्मी नारायण, रमेश चंद, राजवीर सिंह, रवि वैष्णव, सावित्री, सरस्वती, सुनील वैष्णव, दीपा सोनी, रेखा सैन, महिमा, स्वीटी, शिवम सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।


