गुरला में बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश, “एक पौधा बच्चे के हाथ” पहल की शुरुआत
सबहेडलाइन:
श्री बालाजी समाज सेवा समिति द्वारा टेकरी के हनुमान जी आश्रम में हनुमान चालीसा पाठ व वृक्षारोपण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
गुरला/भीलवाड़ा, 27 फरवरी 2026 (शुक्रवार)।
श्री बालाजी समाज सेवा समिति गुरला द्वारा जनहित, धर्म और शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल करते हुए टेकरी स्थित हनुमान चौकी आश्रम में स्कूली बालक-बालिकाओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को धार्मिक एवं नैतिक शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करवाया गया तथा वृक्षों के महत्व, वृक्षारोपण की विधि, वृक्षों एवं जीव-जंतुओं के संरक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि प्रकृति की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है और यही सच्ची सेवा है।
इस अवसर पर समिति की ओर से “एक पौधा बच्चे के हाथ” का संदेश दिया गया। नगरवासियों एवं देशवासियों से अपील की गई कि जब भी वे अपने बच्चों का नए सत्र में विद्यालय में प्रवेश करवाएं, तो उनके हाथों से कम से कम एक पौधा अवश्य रोपित करवाएं। साथ ही उन्हें उसकी देखभाल और संरक्षण के लिए प्रेरित करें, ताकि आने वाले समय में यह शिक्षा समाज के लिए एक वरदान सिद्ध हो सके।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों और अभिभावकों से भी पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया। समिति ने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए समाज को जागरूक और संस्कारित बनाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के संरक्षक एवं महंत पुनीत दास त्यागी ने कहा कि धर्म और प्रकृति संरक्षण साथ-साथ चलें, तभी समाज का समग्र विकास संभव है।
जय श्री सीताराम।


