शाहपुरा को मिलेगा डबल बायपास, 27 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
वित्त एवं विनियोग विधेयक पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री की घोषणा, यातायात दबाव से मिलेगी बड़ी राहत
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
भीलवाड़ा/शाहपुरा। कस्बे के लिए बड़ी सौगात की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने वित्त एवं विनियोग विधेयक पर चर्चा के दौरान बायपास निर्माण की मंजूरी दी है। यह घोषणा में बजट बहस के जवाब के दौरान की गई।
घोषणा के अनुसार शहर के दोनों ओर बायपास का निर्माण किया जाएगा, जिससे कस्बे के अंदर भारी वाहनों के दबाव में कमी आएगी और आमजन को जाम की समस्या से राहत मिलेगी। बायपास निर्माण पर लगभग 27 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद स्थानीय व्यापार, आवागमन और सड़क सुरक्षा व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा। लंबे समय से कस्बावासी बायपास की मांग कर रहे थे, जिस पर अब सकारात्मक निर्णय लिया गया है।
इस अवसर पर शाहपुरा विधायक के प्रयासों की भी सराहना की गई। विधायक द्वारा निरंतर उठाई गई मांग और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति दी है।
बायपास निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ होने की संभावना है। प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही कार्य आरंभ किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।


