पंडित प्रदीप मिश्रा की भीलवाड़ा में ‘श्री शिव महापुराण कथा’ अब 8 अप्रैल से, जानें नया शेड्यूल और तैयारी।

✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
भीलवाड़ा, 1 मार्च 2026: धर्मनगरी में पहली बार होने जा रही पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है।
भीलवाड़ा (राजस्थान): प्रख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारबिंद से होने वाली बहुप्रतीक्षित ‘श्री शिव महापुराण कथा’ के समय में आंशिक बदलाव किया गया है। अब यह भव्य आयोजन 8 अप्रैल से 14 अप्रैल तक आयोजित होगा। पहले यह कथा 9 से 15 अप्रैल तक प्रस्तावित थी, लेकिन पंडित जी की व्यस्तता के कारण इसकी शुरुआत एक दिन पहले करने का निर्णय लिया गया है।
मेडिसिटी ग्राउंड में उमड़ेगा आस्था का सैलाब
संकटमोचन हनुमान मंदिर के महंत बाबूगिरीजी महाराज के सानिध्य में यह आयोजन आजाद नगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड में होगा। मेवाड़ क्षेत्र में पंडित मिश्रा की यह पहली कथा है, जिसे लेकर भीलवाड़ा ही नहीं, बल्कि संपूर्ण राजस्थान और पड़ोसी राज्यों के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है।
7 अप्रैल को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
आयोजन समिति के संयोजक अशोक बाहेती ने बताया कि कथा के शुभारंभ से एक दिन पूर्व, यानी 7 अप्रैल को ऐतिहासिक कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें हजारों की संख्या में महिलाएं मंगल कलश धारण कर शामिल होंगी।
आयोजन समिति की जोरों-शोरों से तैयारी
भीलवाड़ा विधायक एवं समिति अध्यक्ष अशोक कोठारी और कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी के नेतृत्व में तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
- पार्किंग और भोजन: लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए पार्किंग और भोजन के लिए विशेष प्रबंधन किए जा रहे हैं।
- कार्यालय शुभारंभ: होली के पर्व के बाद आयोजन समिति के कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा।
विधायक अशोक कोठारी ने बताया कि शहर का हर वर्ग और समाज इस आयोजन को सफल बनाने के लिए स्वेच्छा से आगे आ रहा है।


