शाहपुरा में 19 मार्च को ऐतिहासिक हिंदू नव वर्ष उत्सव, 11 हजार कलशों के साथ निकलेगी भव्य शाही शोभायात्रा
स्वाति मिश्रा की भजन संध्या और साध्वी सरस्वती का उद्बोधन रहेगा आकर्षण, प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत
✍️ मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान
शाहपुरा। हिंदू नव वर्ष के पावन अवसर पर 19 मार्च को शाहपुरा नगर में भव्य और ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। इसको लेकर हायर सेकेंडरी स्कूल खेल मैदान में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजन समिति ने पूरे कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी पत्रकारों के समक्ष रखी।
प्रेस वार्ता में संयोजक हनुमान धाकड़, पुष्कर राज मीणा, महावीर प्रसाद शर्मा एवं सुमित पारीक ने बताया कि इस बार हिंदू नव वर्ष को अभूतपूर्व स्तर पर मनाया जाएगा, जिसमें नगर सहित ग्रामीण अंचल से हजारों श्रद्धालु भाग लेंगे।
आयोजन की तैयारियों के तहत आदर्श विद्या मंदिर में आयोजित बैठक में द्वारका प्रसाद पारीक को अध्यक्ष, हनुमान धाकड़ को संयोजक एवं जयकिशन घुसर को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
11 हजार कलश और 108 झांकियां होंगी मुख्य आकर्षण
आयोजन समिति के अनुसार 19 मार्च को प्रातः 9 बजे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से विशाल शाही शोभायात्रा का शुभारंभ होगा। शोभायात्रा में 11,000 महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल होंगी। साथ ही 108 आकर्षक झांकियां, हाथी, घोड़े और ऊंट इस आयोजन को भव्यता प्रदान करेंगे।
शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों—छतरी, मुख्य बाजार, उदयफान गेट, कलींजरी गेट और बालाजी की छतरी होते हुए पुनः राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंचेगी।
साध्वी सरस्वती का संबोधन, स्वाति मिश्रा की भजन संध्या
शोभायात्रा के पश्चात दोपहर 1 बजे विद्यालय परिसर में विशाल धर्मसभा का आयोजन होगा, जिसमें प्रखर वक्ता साध्वी सरस्वती दीदी श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगी।
वहीं, शाम 7 बजे से भव्य भजन संध्या आयोजित होगी, जिसमें “राम आएंगे” फेम प्रसिद्ध भजन गायिका स्वाति मिश्रा अपने भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगी।
बस्तियों में बांटी गई जिम्मेदारियां
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न बस्तियों में संयोजकों की नियुक्ति की गई है। ठाकुर बाबा बस्ती, माधव बस्ती, स्वामी रामचरण बस्ती, मुखर्जी बस्ती, बालाजी बस्ती, दयानंद बस्ती और केशव बस्ती सहित सभी क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आयोजन समिति ने बताया कि इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल है और यह आयोजन शाहपुरा के इतिहास में एक नई मिसाल स्थापित करेगा।


